द फॉलोअप डेस्क:
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी (CM Samrat Choudhary) के गृह जिले मुंगेर (Munger) में दो गुटों के बीच जमकर गोलीबारी हुई है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के टीकारामपुर में पुरानी रंजिश को लेकर हुए इस टकराव का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दिनदहाड़े हुई फायरिंग से इलाके में दहशत का माहौल है। जानकारी के मुताबिक, गांव के देवराज कुमार और मिथुन कुमार के गुटों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। सोमवार की रात दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो मारपीट और गोलीबारी तक पहुंच गई। रात में मामला शांत हुआ, लेकिन मंगलवार की सुबह एक बार फिर दोनों गुट आमने-सामने आ गए। इसके बाद दोनों ओर से ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गईं।

एक आरोपी गिरफ्तार, पुलिस की छापेमारी जारी
गोलीबारी के वायरल वीडियो में दोनों पक्षों के लोग हथियार लहराते और फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। घटना के बाद ग्रामीणों में डर का माहौल है। स्थानीय लोग इस विवाद पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। मामले की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस सक्रिय हुई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ लिखित शिकायत दी है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। वहीं, अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। इलाके में गश्त बढ़ाकर स्थिति पर नजर रखी जा रही है। अब सवाल यह है कि मुंगेर में खुलेआम हो रही गोलीबारी पर पुलिस कितनी सख्ती से लगाम लगा पाती है।