द फॉलोअप डेस्क
पटना के आलमगंज थाना क्षेत्र में ईद के दिन एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। पीरबैस मार्केट के पास किराए के मकान में रहने वाले एक युवक पर अपनी पत्नी की हत्या करने का आरोप लगा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों के बीच पारिवारिक विवाद को लेकर कहासुनी हुई फिर देखते ही देखते झगड़ा इतना बढ़ गया कि पति ने पत्नि पर गुस्से में आकर धारदार हथियार से कई वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। पत्नि की उम्र 24 वर्ष बतायी जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, घर में मौजूद दंपति का 3 वर्षीय बेटा इस पूरी घटना का प्रत्यक्षदर्शी बताया जा रहा है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद बच्चा पूरी तरह से डरा गया। बताया जा रहा है कि अपने पड़ोस में रह रहे लोगों को पूरी वारदात को बताया। जिसके बाद स्थानीय लोग गंभीर रूप से घायल महिला को तुरंत नालंदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई।
.jpeg)
सूत्रों के अनुसार बताया जा रहा है कि दंपति की शादी चार वर्ष पूर्व हुई थी और उनके बीच अक्सर घरेलू विवाद को लेकर झगड़ा होता रहता था। त्योहार के दिन हुई इस घटना से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।