द फॉलोअप डेस्क
बिहार में राज्यसभा के लिए 5 सीटों के लिए वोटिंग सुबह से जारी है। सभी विधायकगण मतदान करने विधानसभा पहुंच रहे हैं। इस बीच जेल में बंद जेडीयू के मोकामा से विधायक रहे अनंत सिंह को पुलिस कस्टडी में सरकारी एंबुलेंस से विधानसभा लाया गया। जिसके बाद उन्होंने अपना मताधिकार का प्रयोग किया। वहां अनंत सिंह मीडिया से भी मुखातिब हुए। बातचीत में उन्होंने कहा कि समर्थक निराश ना हों, लगभग एक महीना में वह बाहर आ जाएंगे। जब मीडिया द्वारा नीतीश कुमार के बाद बिहार का सीएम कौन बनेगा सवाल पूछा गया तो इस पर उन्होंने कहा कि बिहार का सीएम कौन बनेगा वह यह नहीं जानते, सीएम कौन बनेगा यह नीतीश जी ही तय करेंगे। हालांकि भाजपा का सीएम बनने के सवाल पर उन्होंने कहा कि उन्हें सब स्वीकार है। ये निर्णय नीतीश जी को करना है। नीतीश कुमार के सीएम ना रहने पर इलेक्शन लड़ने की बात पर अनंत सिंह ने कहा कि वह सीएम नहीं रहेंगे तो वह इलेक्शन नहीं लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि यह हमारा अंतिम चुनाव है, अब बाल-बच्चा लड़ेगा।
.jpeg)
एनडीए की चार सीटों पर जीत तय मानी जा रही है। बता दें कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (JDU), केंद्रीय राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर (JDU), बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और शिवेश कुमार (BJP) की जीत लगभग तय मानी जा रही है। लेकिन पांचवी सीट के लिए एनडीए समर्थित उपेंद्र कुशवाहा (RLM) और आरजेडी के अमरेंद्र धारी सिंह के बीच कड़ी टक्कर की उम्मीद है। हालांकि AIMIM और कांग्रेस तथा बसपा विधायकों के समर्थन से तेजस्वी यादव भी एक सीट जीतने की बात कह रहे हैं।