द फॉलोअप डेस्क
गया जिले से मोब लिंचिंग का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां जिले के टिकारी थाना क्षेत्र में एक साइकिल से हुए टक्कर के बाद विवाद ने इतना उग्र रूप ले लिया कि 20-25 लोगों ने मिलकर एक व्यक्ति की जान ले ली। मृतक की पहचान 55 वर्षीय मधेश पासवान के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर साइकिल से टक्कर लगने के बाद जब मधेश पासवान ने आपत्ति जताई, तो दूसरे पक्ष के दर्जनों लोग लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से बर्बरता से पीट-पीटकर उनकी हत्या कर दी।.jpeg)
दरअसल टिकारी थाना क्षेत्र के गहरपुर गांव के पास साइकिल से टक्कर लगने के तुरंत बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई। जब मधेश पासवान ने टक्कर लगने पर आपत्ति जताई, तो साइकिल सवार पक्ष से दर्जनों लोग उग्र हो गए और संगठित होकर हमला बोल दिया। हमले के दौरान मधेश पासवान को इतनी बेरहमी से पीटा गया कि वे गंभीर रूप से घायल होकर वहीं बेहोश हो गए। परिजन उन्हें तत्काल टिकारी अनुमंडलीय अस्पताल ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। .jpg)
हत्या की खबर फैलते ही मृतक के परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया। न्याय की मांग को लेकर परिजनों ने टिकारी अनुमंडलीय अस्पताल के पास सड़क जाम कर करीब डेढ़ घंटे तक प्रदर्शन किया। वहीं मृतक के बेटे सूरज पासवान ने पुलिस को बताया कि एक तो साइकिल सवार ने साइकिल से टक्कर मारी और उसके बाद मेरे पिता की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस इस मामले में त्वरित कार्रवाई करे और घटना में संलिप्त सभी की गिरफ्तारी हो। हंगामे और तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस ने किसी तरह समझा-बुझाकर जाम हटवाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।
पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई तेज कर दी है। टिकारी एसडीपीओ सुशांत कुमार चंचल ने बताया कि पुलिस ने हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली है और कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शुरू में यह दो पक्षों की मारपीट लग रही थी, लेकिन अब यह स्पष्ट है कि भीड़ की पिटाई से मधेश पासवान की मौत हुई है। पुलिस टीम अब उन सभी चेहरों की पहचान करने में जुटी है जो इस हिंसक हमले में शामिल थे।