logo

दरभंगा में बंद कमरे में विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला, मायके पक्ष ने पति पर लगाया हत्या का आरोप

Bihar_Darbhanga_Sucide.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

दरभंगा के गदियानी मोहल्ले में सोमवार सुबह एक विवाहिता का शव बंद कमरे में फंदे से लटका मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका के घरवालों ने इसे हत्या बताया है और गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतका की पहचान सूरज कुमार की पत्नी सुष्मिता राज के रूप में हुई है। वह दरभंगा जिले के केवटी स्वास्थ्य केंद्र में लैब टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत थीं। सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे तोड़कर पुलिस ने अंदर प्रवेश किया। अंदर सुष्मिता का शव साड़ी के फंदे से पंखे से लटका मिला। कमरे में बेड के पास एक कुर्सी गिरी हुई भी देखी गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा था। घटना के समय घर में सास-ससुर मौजूद नहीं थे, वे एक सप्ताह पहले इलाज के लिए दिल्ली गए हुए थे। मायके पक्ष ने घटना को हत्या करार देते हुए पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

मृतका के भाई के मुताबिक, रविवार को फोन पर संपर्क नहीं हो सका था और देर रात पति का व्यवहार संदिग्ध लगा। घरवालों ने यह भी बताया कि घर के दूसरे हिस्से का दरवाजा खुला था, जिससे शक और बढ़ गया। घटना के बाद मौके पर लोग जमा हो गए। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मृतका के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है और फॉरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया गया है। नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि लिखित शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह आत्महत्या है या हत्या। हर पहलू से जांच जारी है।

Tags - Bihar latest crime updateDarbhanga latest newsBihar Latest NewsLatest NewsBihar Darbhanga Darbhanga newsSuicide or murder case