logo

मनेर मुठभेड़ में 3 की मौत, दानापुर अस्पताल में पथराव और लाठीचार्ज से तनाव

मनेर मुठभेड़ में 3 की मौत, दानापुर अस्पताल में पथराव और लाठीचार्ज से तनाव

द फॉलोअप डेस्क:

Patna Encounter: पटना (Patna) के मनेर (Maner) में पुलिस मुठभेड़ में तीन लोगों की मौत के बाद शुक्रवार को दानापुर अनुमंडलीय अस्पताल (Hospital) में जमकर हंगामा हुआ। तीनों के शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल लाए जाने की खबर मिलते ही राजा शर्मा (Raja Sharma) के परिजन और स्थानीय ग्रामीण वहां पहुंच गए। परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई। हालात बिगड़ने पर पुलिस और प्रदर्शन कर रहे लोगों के बीच धक्का-मुक्की हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इस दौरान अस्पताल परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बना रहा।

शव पोस्टमार्टम के लिए लाते ही शुरू हुआ विरोध

दरअसल, शुक्रवार को मनेर थाना क्षेत्र के शेरपुर गंगा घाट के पास बिहार एसटीएफ और पुलिस की टीम की अपराधियों के साथ मुठभेड़ हुई थी। इस मुठभेड़ में जेपी यादव, बबलू कुमार उर्फ सूरज और राजा शर्मा उर्फ राजेश शर्मा की मौत हो गई थी। पुलिस के मुताबिक, तीनों पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार हत्याकांड में वांछित थे। मुठभेड़ के दौरान दोनों तरफ से गोलीबारी हुई थी, जिसमें मनेर थानेदार रजनीश कुमार भी घायल हो गए थे। इसके बाद तीनों के शव पोस्टमार्टम के लिए दानापुर अनुमंडलीय अस्पताल लाए गए। इसी दौरान राजा शर्मा के परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने पुलिस की मुठभेड़ को गलत बताते हुए कार्रवाई पर सवाल उठाए और विरोध शुरू कर दिया।

एंबुलेंस से शव उतारने का विरोध, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

अस्पताल परिसर में मौजूद परिजन एंबुलेंस से शवों को उतारने और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू करने का विरोध करने लगे। परिवार के लोगों का आरोप था कि पुलिस ने मुठभेड़ के नाम पर गलत कार्रवाई की है। इस दौरान अस्पताल में काफी देर तक हंगामा होता रहा। भीड़ बढ़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया। विरोध के बीच पथराव और धक्का-मुक्की की स्थिति बनने के बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को हटाने की कोशिश की। पुलिसकर्मियों ने अस्पताल परिसर को खाली कराने और स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास किया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में तनाव बना रहा। वहीं, परिजनों के आरोपों और पुलिस की कार्रवाई को लेकर अब पूरे मामले में निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है।

Tags - Bihar News Bihar Latest News Maner Encounter Danapur Hospital Ruckus Patna Police Lathicharge