logo

श्रीकृष्ण सिंह जयंती समारोह में खरगे के बयान से मचा बवाल

श्रीकृष्ण सिंह जयंती समारोह में खरगे के बयान से मचा बवाल

द फॉलोअप डेस्क:

पटना (Patna) में श्रीकृष्ण सिंह (Shri Krishna Singh) की 139वीं जयंती के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (Mallikarjun Kharge)  की एक टिप्पणी को लेकर हंगामा हो गया। बापू सभागार में सभा को संबोधित करते हुए खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की विचारधारा पर निशाना साधा। इसी दौरान सभा में मौजूद एक व्यक्ति ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी कहीं नहीं जाएंगे। इस पर खरगे ने जवाब देते हुए कहा, “मोदी का बाप भी जाएगा।” उनकी इस टिप्पणी के बाद सभागार में हंगामे जैसी स्थिति पैदा हो गई। सामने आए वीडियो में कार्यकर्ताओं को उक्त व्यक्ति के साथ अमर्यादित व्यवहार करते हुए देखा जा सकता है।

RSS की विचारधारा पर भी साधा निशाना

अपने संबोधन में मल्लिकार्जुन खरगे ने RSS की विचारधारा पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि RSS के बारे में बात करने पर लोग अलग-अलग अर्थ निकाल सकते हैं, लेकिन संगठन की स्थापना के समय से ही उसकी गतिविधियां ऐसी रही हैं, जिनकी वजह से उसे निशाने पर लिया जाता है। खरगे ने आगे कहा, “इसलिए जब तक इस देश में RSS की विचारधारा रहेगी, तब तक शांति नहीं होगी।” उनके इस बयान और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई टिप्पणी को लेकर कार्यक्रम में चर्चा तेज हो गई। वहीं, खरगे के पटना पहुंचने से पहले ही बापू सभागार के मुख्य द्वार पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पोस्टर और बैनर लेकर प्रदर्शन किया था।

बिहार कांग्रेस में नेतृत्व को लेकर नाराजगी

कार्यक्रम से पहले प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम और पार्टी प्रभारी कृष्णा अल्लावरू को पद से हटाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने दोनों नेताओं पर टिकट बेचने का आरोप लगाते हुए संगठन में बदलाव की मांग उठाई। साथ ही, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सिंह को दोबारा बिहार कांग्रेस की कमान सौंपने की मांग भी की गई। सभागार के मुख्य द्वार पर लगाए गए पोस्टरों के जरिए कार्यकर्ताओं ने अपनी नाराजगी जाहिर की। इस तरह श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती के कार्यक्रम में एक ओर खरगे के बयान पर हंगामा हुआ, तो दूसरी ओर बिहार कांग्रेस के भीतर नेतृत्व और संगठन को लेकर असंतोष भी सामने आया।

Tags - Bihar News Bihar Latest News Mallikarjun Kharge Patna controversy Kharge Modi statement