logo

खड़गे के बयान पर बिहार में बवाल, भाजपा का पटना में प्रदर्शन; माफी की मांग पर अड़ी पार्टी

खड़गे के बयान पर बिहार में बवाल, भाजपा का पटना में प्रदर्शन; माफी की मांग पर अड़ी पार्टी

द फॉलोअप डेस्क:

कांग्रेस (Congress) अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे (Mallikarjun Kharge) के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए गए बयान पर बिहार की राजनीति गरमा गई है। सोमवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने पटना में कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी (Sanjay Saraogi) के नेतृत्व में पार्टी कार्यालय से विरोध मार्च निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष के खिलाफ नारेबाजी की गई और राहुल गांधी का पोस्टर भी जलाया गया। भाजपा नेताओं ने खड़गे से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग करते हुए कहा कि जब तक वह माफी नहीं मांगते, पार्टी का विरोध जारी रहेगा। प्रदर्शनकारियों के हाथों में बैनर और पोस्टर थे, जिन पर कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ नारे लिखे थे।

संजय सरावगी और गिरिराज सिंह ने कांग्रेस पर साधा निशाना

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने आरोप लगाया कि खरगे ने प्रधानमंत्री के परिवार को लेकर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया है। उन्होंने कहा कि इस बयान के विरोध में केवल बिहार ही नहीं, बल्कि देश के अन्य राज्यों में भी भाजपा कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं। सरावगी ने कांग्रेस नेतृत्व से गलती स्वीकार कर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। वहीं, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी इस मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा। उन्होंने राहुल गांधी से अपना रुख स्पष्ट करने को कहा। गिरिराज सिंह के मुताबिक, खरगे के माफी मांगने और इस्तीफा देने तक भाजपा का विरोध जारी रहेगा। बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने भी नेताओं की भाषा पर सवाल उठाते हुए सार्वजनिक जीवन में मर्यादा बनाए रखने की जरूरत बताई।

पटना में खरगे के बयान से शुरू हुआ विवाद, थाने में शिकायत

यह पूरा विवाद रविवार को पटना में कांग्रेस के एक कार्यक्रम के दौरान शुरू हुआ। कार्यक्रम में एक कार्यकर्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सत्ता से नहीं हटने की बात कही और इसके लिए देश में विद्रोह की जरूरत बताई। इस पर खरगे ने जवाब देते हुए कहा, 'मोदी क्या, मोदी का बाप भी जाएगा।' भाजपा ने इस टिप्पणी को प्रधानमंत्री के परिवार के प्रति अपमानजनक बताते हुए विरोध शुरू कर दिया। मामले में पटना के कोतवाली थाने में भी खरगे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। गौरतलब है कि अगस्त 2025 में दरभंगा में राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी की मां को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी पर भी विवाद हुआ था। अब खरगे के बयान ने बिहार में भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक टकराव को और तेज कर दिया है।

Tags - Bihar News Bihar Latest News Mallikarjun Kharge Controversy Kharge Modi Statement BJP Protest in Bihar Sanjay Saraogi