द फॉलोअप डेस्क, रांची:
Bihar News: राजधानी पटना के खेमनीचक स्थित सब्जी मंडी में गुरुवार की सुबह भीषण आग (Fierce fire) लगने से भारी नुकसान हुआ। तड़के सुबह अचानक लगी आग ने देखते ही देखते भयावह रूप धारण कर लिया। आग की चपेट में आने से 50 से अधिक दुकानें जलकर राख हो गईं। आग लगने से इलाके में अफरातफरी मच गई। इधर, सूचना मिलते ही दमकल (Fire brigade) की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोकने के लिए लगातार प्रयास किया। लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक 40-50 दुकानें जलकर राख हो चुकी थीं।

झोपड़ीनुमा होटल में रखे चार गैस सिलेंडरों में भी ब्लास्ट!
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह के समय सब्जी मंडी में आग लगने के बाद लपटें तेजी से फैलने लगीं। देखते ही देखते आग ने कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। दुकानदारों ने अपने सामान को बचाने की कोशिश की, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थी कि उन्हें काफी नुकसान उठाना पड़ा। बड़ी संख्या में दुकानें एक साथ जलने से कारोबारियों में भारी चिंता है। सब्जी मंडी में ही स्थित एक झोपड़ीनुमा होटल में रखे चार गैस सिलेंडरों में भी ब्लास्ट होने की सूचना है। जिसके बाद वहां स्थिति और भयावह हो गई। सिलिंडर ब्लास्ट (Cylinder blast) की आवाज और आग की लपटों के कारण आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। वहां खड़ी कई गाड़ी भी आग की चपेट में आ गईं।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल
घटना में जली दुकानों और वाहनों की संख्या तथा नुकसान का वास्तविक आकलन अभी किया जाना बाकी है। आग बुझने के बाद प्रभावित दुकानदार अपने प्रतिष्ठानों में हुए नुकसान का जायजा लेने में जुट गए। खेमनीचक सब्जी मंडी के कारोबारियों को भारी आर्थिक क्षति (Economic loss) पहुंची है। दुकानों में रखा सामान, कारोबार से जुड़ी सामग्री और अन्य संपत्तियां आग में राख हो गईं। अब कई दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि आग कैसे लगी और इतनी तेजी से मंडी की दुकानों तक कैसे फैल गई। इस अगलगी ने मंडी में आग से बचाव और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।