logo

मधुबनी में ताजिया जूलूस के दौरान ट्रैक्टर से कुचलकर युवक की मौत, परिवार में मातम

मुहर्रम.jpg

मधुबनी/बिहार
मधुबनी में मुहर्रम के ताजिया जुलूस के दौरान शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। डीजे लगे ट्रैक्टर से कुचलकर एक 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना बेनीपट्टी थाना के मेघवन गांव की है। इस घटना से जुलूस में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। परिजनों में कोहराम मच गया। 

ताजिया जुलूस देखने के दौरान हुआ हादसा
मृतक की पहचान अमरजीत कुमार के रूप में हुई है, जो मेघवन गांव के वार्ड नं-13 निवासी तेज नारायण यादव का पुत्र था। बताया जा रहा है कि डीजे के साथ ताजिया मिलान के लिए जुलूस  गांव से करदहुली की ओर जा रहा था। जुलूस में बड़ी संख्या में लोग पारंपरिक खेल का प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान अमरजीत, अचानक ट्रैक्टर के नीचे गिर गया और पहिए की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया।

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
हादसे के बाद लोगों ने उसे तुरंत बेनीपट्टी अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। इधर, घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही बेनीपट्टी थानाध्यक्ष अनूप कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।

Tags - Madhubani News Madhubani Accident Tazia Procession Accident