द फॉलोअप,बिहार
राजद सुप्रीमो लालू यादव को चारा घोटाला मामले में कोर्ट से सिंगापुर जाने की इजाजत मिल गई है। लालू यादव को यह राहत अपर न्यायायुक्त अखिलेश कुमार तिवारी की कोर्ट से मिली है। शुक्रवार को अदालत ने लालू यादव के पासपोर्ट रिलीज कर दिया है।

2022 में करवाया था किडनी ट्रांसप्लांट
जून के प्रथम सप्ताह में सिंगापुर के चिकित्सकों ने किडनी ट्रांसप्लांट के बाद रुटीन चेकअप के लिए लालू यादव को बुलाया था। जिसके बाद उन्होंने अदालत में अपना पासपोर्ट रिलीज करने का आग्रह किया था। गौरतलब है कि दिसंबर 2022 में ही सिंगापुर के माउंट एलिजाबेथ अस्पताल में लालू यादव का किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था।

मामला 1990-1996 के बीच का
लालू यादव बहुचर्चित चारा घोटाला मामले में सजायाफ्ता हैं। चारा घोटाला का यह मामला वर्ष 1990-1996 के बीच से संबंधित है। सूत्रों के मुताबिक, झारखंड के डोरंडा कोषागार से 139 करोड़ की अवैध निकासी हुई थी। इसके अलावा चाईबासा, देवघर और दुमका कोषागार से भी अवैध निकासी का मामला सामने आया था।