logo

अनंत सिंह पर JDU के एक्शन के बाद सम्राट चौधरी से मिले ललन सिंह

अनंत सिंह पर JDU के एक्शन के बाद सम्राट चौधरी से मिले ललन सिंह

द फॉलोअप डेस्क:

बिहार (Bihar) में मोकामा विधायक अनंत सिंह (Anant Singh) और उनकी पत्नी नीलम देवी (Neelam Devi) को जनता दल यूनाइटेड (JDU) से निष्कासित किए जाने के बाद सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। इस बीच केंद्रीय मंत्री और जेडीयू (JDU) के वरिष्ठ नेता ललन सिंह (Lalan Singh) ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी (CM Samrat Choudhary) से मुलाकात की। 25 अक्टूबर को मुख्यमंत्री आवास पर हुई इस बैठक में दोनों नेताओं के बीच करीब 30 मिनट तक बातचीत हुई। अनंत सिंह पर पार्टी की कार्रवाई के ठीक अगले दिन हुई इस मुलाकात ने राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं बढ़ा दी हैं। हालांकि, दोनों नेताओं के बीच किन मुद्दों पर बातचीत हुई, इसे लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

नीरज कुमार से विवाद के बाद बढ़ी थी पार्टी की मुश्किलें

अनंत सिंह और जेडीयू एमएलसी नीरज कुमार के बीच विधान परिषद चुनाव के दौरान विवाद गहरा गया था। अनंत सिंह जन सुराज के प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार कर रहे थे, जिसे लेकर पार्टी के भीतर भी सवाल उठने लगे थे। मामले ने तूल पकड़ा तो जेडीयू नेतृत्व को हस्तक्षेप करना पड़ा। पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा ने पहले ही संकेत दिया था कि दोनों नेताओं के बीच विवाद सुलझाने की जिम्मेदारी ललन सिंह को सौंपी गई है। इसके पीछे इलाके की राजनीति और स्थानीय परिस्थितियों की उनकी समझ को वजह बताया गया था। ऐसे में मुख्यमंत्री के साथ ललन सिंह की ताजा मुलाकात को इस पूरे घटनाक्रम के संदर्भ में देखा जा रहा है।

छह साल के लिए निष्कासन, सदस्यता समाप्त करने की सिफारिश

विवाद के बीच ललन सिंह ने भी बयान दिया था कि यदि अनंत सिंह के खिलाफ कार्रवाई होती है, तो नीरज कुमार पर भी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने इस मामले में पार्टी नेतृत्व से चूक होने की बात भी कही थी। इसके बाद 24 अक्टूबर की शाम जेडीयू ने अनंत सिंह और नीलम देवी को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित करने का फैसला लिया। साथ ही अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता समाप्त करने की सिफारिश भी की गई। अब इस कार्रवाई के बाद ललन सिंह और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की मुलाकात ने बिहार की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है। हालांकि, बैठक में निष्कासन के मुद्दे पर चर्चा हुई या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

Tags - Bihar News Bihar Latest News Lalan Singh Meets Samrat Choudhary Anant Singh Expelled From JDU