पटना
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने केंद्र सरकार द्वारा बिहार को दी गई दो बड़ी विकास परियोजनाओं पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय कैबिनेट का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं बिहार के विकास की नई आधारशिला रखेंगी और राज्य को आर्थिक, सामाजिक एवं बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में सशक्त बनाएंगी। डॉ. जायसवाल ने विस्तार से बताया कि केंद्रीय कैबिनेट द्वारा बिहार के लिए दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है:
1. कोसी-मेची रिवर लिंक प्रोजेक्ट
लागत: ₹6,282 करोड़
लाभ:
इस परियोजना से अररिया, पूर्णिया, किशनगंज, कटिहार, खगड़िया, मधेपुरा सहित अन्य सीमावर्ती जिलों में 2 लाख हेक्टेयर भूमि की सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। यह परियोजना बाढ़ नियंत्रण में भी सहायक होगी क्योंकि कोसी नदी को ‘बिहार का शोक’ कहा जाता है, जो हर साल बाढ़ से तबाही मचाती है। मेची नदी से इसे जोड़ने से बाढ़ की तीव्रता कम होगी और किसानों को राहत मिलेगी। कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी और किसानों की आय दोगुनी करने के संकल्प को मजबूती मिलेगी।
2. पटना-आरा-सासाराम फोरलेन कॉरिडोर
लागत: ₹3,712 करोड़
लंबाई: 120 किमी
लाभ:
इस हाईवे से पटना, आरा और सासाराम के बीच यातायात सुगम होगा, जिससे आवागमन में लगने वाला समय घटेगा और यातायात की रफ्तार बढ़ेगी। यह परियोजना 5 राष्ट्रीय राजमार्गों (NH 19, NH 319, NH 922, NH 131G, NH 120) और 4 राज्य राजमार्गों (SH 12, SH 102, SH 02, SH 81) को आपस में जोड़ेगी। यह व्यापार और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देगा, जिससे बिहार में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।