logo

ट्रैक्टर की तलाश में गढ़वा से सासाराम पहुंची झारखंड पुलिस; 3 चोर गिरफ्तार, बड़े गिरोह का खुलासा

ट्रैक्टर की तलाश में गढ़वा से सासाराम पहुंची झारखंड पुलिस; 3 चोर गिरफ्तार, बड़े गिरोह का खुलासा

द फॉलोअप डेस्क, गढ़वा:
चोरी के एक ट्रैक्टर की तलाश में झारखंड और बिहार पुलिस ने मिलकर कार्रवाई की है। गढ़वा पुलिस की तकनीकी जांच में चोरी का ट्रैक्टर बिहार के सासाराम स्थित ताराचंडी में मिला। सूचना मिलने के बाद रोहतास एसपी ने टीम गठित कर चोरों को पकड़ने के लिए घेराबंदी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को चोरी के ट्रैक्टरऔर मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद मिले सुराग पर दूसरे आरोपी को भी पकड़ा गया। उसकी निशानदेही पर चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।

तकनीकी जांच में बिहार में मिली लोकेशन

गढ़वा सदर थाना क्षेत्र के बेलचंपा से दो दिन पहले एक ट्रैक्टर चोरी हो गया था। घटना की जानकारी मिलने के बाद गढ़वा पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने तकनीकी माध्यम से चोरी किए गए ट्रैक्टर की तलाश की। जांच के दौरान ट्रैक्टर की लोकेशन बिहार के सासाराम स्थित ताराचंडी में मिली। इसके बाद गढ़वा पुलिस ने रोहतास एसपी को इसकी जानकारी दी।

ट्रैक्टर के साथ एक आरोपी गिरफ्तार

गढ़वा पुलिस से मिली सूचना के बाद रोहतास एसपी ने तुरंत एक टीम बनाई। स्थानीय पुलिस के साथ गढ़वा पुलिस की टीम ने ताराचंडी में कार्रवाई की। पुलिस ने चोरी के ट्रैक्टर को बरामद करते हुए मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से पूछताछ में वाहन चोरी से जुड़े कई अहम सुराग मिले। इसके आधार पर पुलिस ने मेराल थाना क्षेत्र में कार्रवाई की और एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया।

एसआईटी की जांच में गिरोह का हुआ खुलासा

दूसरे आरोपी से पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। गढ़वा पुलिस के अनुसार, सदर और मेराल थाना क्षेत्रों में कुछ दिनों से वाहन चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। इन मामलों के खुलासे और चोरी के वाहनों की बरामदगी के लिए एसआईटी का गठन किया गया था। गढ़वा सदर थाना में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि बिहार पुलिस के सहयोग से कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया गया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के मामलों में उनकी भूमिका की जांच कर रही है।


 

Tags - Garhwa JharkhandPolice BiharPolice VehicleTheft InterstateGang