द फॉलोअप डेस्क
जेडीयू विधायक गोपाल मंडल एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार उनका कारण उनका डांस बन गया है। सोशल मीडिया पर उनका एक डांस वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार, गोपाल मंडल अपने बेटे आशीष मंडल के रेस्टोरेंट में आयोजित डांडिया नाइट कार्यक्रम में शामिल हुए थे, जहां उन्होंने 'ढिंका-चिका, ढिंका-चिका' गाने पर मस्ती से डांस किया।
हालांकि, डांस तो ठीक था, लेकिन विधायक ने डांस करते समय अपनी कुरता उठाकर डांस किया, जो सोशल मीडिया पर लोगों की नजरों में आ गया। जैसे ही डीजे पर यह गाना बजा, विधायक मंच पर थिरकने लगे और समर्थकों ने उनका उत्साहवर्धन किया। लेकिन इसी दौरान उन्होंने कुछ ऐसा किया, जिससे वह फिर विवादों में घिर गए।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि विधायक गोपाल मंडल मस्ती में अपना कुर्ता उठाकर डांस करने लगते हैं। इसी दौरान जब एक समर्थक ने उन्हें ऐसा करने से रोका, तो विधायक ने गुस्से में आकर उस समर्थक को मंच पर ही जोरदार थप्पड़ मार दिया। इस पर वहां मौजूद अन्य समर्थक और लोग हैरान रह गए, जबकि मंच पर उपस्थित अन्य लोग स्थिति को संभालने की कोशिश करते नजर आए।
यह पूरा वाकया कैमरे में कैद हो गया और अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। लोग यह देख कर चौंक रहे हैं कि सार्वजनिक मंच पर विधायक ने इस तरह का व्यवहार क्यों किया। गोपाल मंडल पहले भी अपने बयानों और विवादित कार्यशैली के कारण सुर्खियों में रहे हैं। नीतीश कुमार के करीबी माने जाने वाले गोपाल मंडल अक्सर पार्टी को विवादों में डालते रहे हैं। इससे पहले उनका एक वीडियो भी वायरल हो चुका है, जिसमें वह ट्रेन में अंडरवियर पहनकर यात्रा करते दिखे थे।
.jpeg)