पटना/बिहार
पटना स्थित JDU कार्यालय में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज बैठक बुलाई है। बिहार विधान परिषद के 10 सीटों पर चुनाव होने हैं। इससे पहले नीतीश कुमार का बैठक बुलाया जाना राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है। MLC सीट बंटवारें को लेकर अहम निर्णय लिया जाएगा। वहीं चार संभावित सीटों के लिए उम्मीदवारों के चयन में सामाजिक समीकरण और संगठन के समर्पित नेताओं को प्राथमिकता दी जा सकती है।

NDA में सीट बंटवारे का फॉर्मूला
18 जून को विधान परिषद का चुनाव होना है। चुनाव आयोग की तरफ से चुनाव को लेकर सभी प्रक्रियाओं को स्पष्ट कर दिया गया है। अब ऐसे में माना जा रहा है कि JDU खाते में 10 में से 4 सीटें आ सकती हैं। संभावना यह भी है कि जून के प्रथम सप्ताह में उम्मीदवारों की सूची के साथ इसकी आधिकारिक घोषणा भी कर दी जाएगी। रविवार को JDU कार्यालय में हो रहे बैठक में पार्टी के नेता नीतीश कुमार, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। वहीं पार्टी सूत्रों का दावा है कि एक सीट पर स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को बिहार विधान परिषद चुनाव में उम्मीदवार बनाया जा सकता है। हालांकि अभी इसको लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

पार्टी में सबसे अधिक चर्चा में ये नाम
बाकी के तीन सीटों के लिए पार्टी पिछड़ा, अतिपिछड़ा, अल्पसंख्यक और लंबे समय से संगठन में सक्रिय नेताओं को प्राथमिकता देने पर रणनीति बनाई जा रही है, जिससे पार्टी में संतुलन बनी रहे। इन तीन सीटों के लिए जिन नामों की सबसे अधिक चर्चा है, उनमें ललन मंडल, चंदेश्वर चंद्रवंशी, राजीव कुमार सिंह, हर्षवर्धन सिंह और गुलाम रसूल बलियावी प्रमुख हैं। हालांकि अंतिम फैसला शीर्ष नेतृत्व की बैठक के बाद ही सामने आएगा। चुनाव आयोगो ने विधान परिषद चुनाव को लेकर स्पष्ट किया है कि नामांकन प्रक्रिया 1 जून से शुरू होकर 8 जून तक चलेगी। ऐसे में सभी दलों के लिए अपने-अपने उम्मीदवारों के नामों पर जल्द ही मुहर लगाना होगा।