बेलौटी/ भोजपुर
भोजपुर के बेलौटी गांव में कथित पुलिस एनकाउंटर में मारे गए भरत भूषण तिवारी के परिवार से मिलने जन सुराज पार्टी का प्रतिनिधिमंडल प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती के नेतृत्व में पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने राज्य सरकार से पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और एक करोड़ रुपये मुआवजा देने की भी मांग की।

परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी
इस दौरान मनोज भारती ने एनकाउंटर को हत्या करार देते हुए कहा कि भरत तिवारी जनता के मुद्दों को उठाने वाले सामाजिक कार्यकर्ता थे। उनकी मौत की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने सरकार से पोस्टमार्टम रिपोर्ट सार्वजनिक करने, एसआईटी गठित कर निष्पक्ष जांच की मांग की। वहीं, जन सुराज के वरिष्ठ नेता किशोर कुमार मुन्ना ने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन निष्पक्ष तरीके से काम करने में विफल रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रखेगी। इस दौरान पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।