logo

जनसुराज के डिजिटल कम्यूनिकेशन मैनेजर देवपालिक गुप्ता की मौत, जनशताब्दी ट्रेन से हुए थे लापता

जनसुराज के डिजिटल कम्यूनिकेशन मैनेजर देवपालिक गुप्ता की मौत, जनशताब्दी ट्रेन से हुए थे लापता

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
जनसुराज पार्टी के लापता डिजिटल कम्युनिकेशन मैनेजर देवपालिक गुप्ता का शव बरामद किया गया है। देवपालिक उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रहने वाले थे। वह सोमवार को रांची से पटना जाने के लिए जनशताब्दी एक्सप्रेस (12366) में सवार हुए थे। इसी दौरान मुरी जंक्शन से पहले वह अचानक लापता हो गए थे। उनके लापता होने के बाद से उनकी तलाश की जा रही थी। अब मुरी के जंगल क्षेत्र से उनका शव मिलने की जानकारी सामने आई है।


मुरी के जंगल में मिला शव, पार्टी के प्रवक्ता ने दी जानकारी
जनसुराज के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुमार सौरव सिंह के मुताबिक, मुरी के जंगल इलाके से देवपालिक गुप्ता का शव बरामद हुआ है। वहीं, जनसुराज संघर्ष वाहिनी (JSV) के प्रदेश अध्यक्ष ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर उनके निधन की जानकारी दी है। देवपालिक के लापता होने के बाद उनके साथियों ने रांची रेल थाना में आवेदन देकर उन्हें खोजने की गुहार लगाई थी। उनके दोस्तों ने ट्रेन में तलाश करने के साथ ही GRP और RPF की मदद से सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले थे, लेकिन उस समय उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया था।


मौत की वजह स्पष्ट नहीं, पुलिस जांच में जुटी
देवपालिक गुप्ता की मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। शव बरामद होने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मौत के कारणों और घटनाक्रम का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। देवपालिक की मौत की खबर सामने आने के बाद जनसुराज पार्टी और उनसे जुड़े लोगों में शोक का माहौल है। पुलिस की जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Tags - Ranchi News Jan Suraaj Party Devpalik Gupta Jharkhand Crime Missing Person