द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
बिहार के जमुई में नाबालिग छात्रा से बदसलूकी से जुड़े वायरल वीडियो मामले में पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। पुलिस ने अब तक 3 नाबालिक आरोपियों को पकड़ा है, जबकि मुख्य आरोपित बताए जा रहे नंदन यादव और हरेराम यादव को गिरफ्तार किया गया है। मंगलवार को दोनों को सदर थाना क्षेत्र के प्रतापपुर गांव के पास नदी किनारे से पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान नंदन यादव के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि भागने के दौरान हरेराम यादव भी घायल हो गया। दोनों को पुलिस अभिरक्षा में जमुई सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
.jpeg)
ऐसे हुए नंदन यादव और हरेराम यादव घायल
जमुई एसपी विश्वजीत दयाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 21 सितंबर को वायरल वीडियो की जानकारी मिलने के बाद विशेष जांच टीम गठित की गई थी। पहले तीन नाबालिग आरोपियों को पकड़ा गया, जिनसे पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस मुख्य आरोपियों तक पहुंची। पुलिस के मुताबिक हरेराम यादव ने पूछताछ में नंदन यादव के आसपास छिपे होने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस टीम ने नंदन को पकड़ने की कोशिश की, जहां पुलिस के अनुसार उसने फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में एक राउंड फायरिंग की गई, जिसमें उसके पैर में गोली लगी।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करना पड़ा भारी
पुलिस ने वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में भी तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। एसपी के अनुसार रामाशीष चौधरी द्वारा वीडियो वायरल किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस अब वीडियो बनाने, उसे प्रसारित करने और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। इसके अलावा नंदन यादव और हरेराम यादव के कथित तौर पर अवैध बालू और शराब कारोबार से जुड़े होने की जानकारी की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले में जिसकी भी संलिप्तता सामने आएगी, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।