नवादा/बिहार
नवादा में रविवार को शॉर्ट सर्किट लगने से एक दुकान में आग लग गई। इस घटना में दुकान में रखे करीब 5 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर दमकल की कई गाड़ियां पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना जिले के सिरदला थाना क्षेत्र के लौंद बाजार की है।

काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण
पीड़ित दुकानदार सुधीर सिंह ने बताया कि शनिवार शाम करीब 6 बजे उन्होंने दुकान बंद की थी। रविवार सुबह करीब 8 बजे जब वह दुकान खोलने पहुंचे तो उन्होंने देखा कि अंदर से धुंआ और आग की लपटें उठ रही है। इसे देख वे घबरा गए। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतना भयावह थी कि उस पर काबू नहीं पाया जा सका। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और दमकल विभाग को इसकी सूचना दी। जिसके बाद मौके पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट
पूछताछ में पीड़ित दुकानदार सुधीर सिंह ने बताया कि इस अग्निकांड में उन्हें करीब पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि दुकान में रखा फर्नीचर, बर्तन और अन्य सामान जलकर बर्बाद हो गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने उक्त इलाके में विद्युत सुरक्षा व्यवस्था की गहन जांच की मांग की है, साथ ही पीड़ित दुकानदार को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की भी मांग की है।