logo

बिहार में लुढ़का पारा, 12 शहरों का तापमान 10 डिग्री से नीचे; 15 फरवरी तक बनी रह सकती है ठंड

rtrgter.jpg

द फॉलोअप डेस्क
बिहार में एक बार फिर ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। पछुआ हवाओं के कारण मौसम में बदलाव आ गया है। इस कारण राज्य के 12 शहरों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे गिर चुका है। इस ठंडी के कारण लोगों को सुबह और शाम के वक्त ठिठुरन का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार को पटना समेत राज्य के अन्य शहरों में लोगों ने सुबह के वक्त कड़ी ठंड महसूस की। 

जानकारी हो कि राज्यभर में सबसे कम न्यूनतम तापमान बांका में 6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जबकि मुंगेर में तापमान में सबसे अधिक गिरावट देखी गई और यह 5 डिग्री कम हुआ। सासाराम में शुक्रवार के मुकाबले शनिवार को 4.4 डिग्री का अंतर आया। पटना में न्यूनतम तापमान में 0.9 डिग्री की कमी आई। हालांकि, पटना के अधिकतम तापमान में कोई बदलाव नहीं हुआ है। तापमान में देखी गई गिरावट
इस दौरान मधेपुरा में 2.7 डिग्री, मोतिहारी में 2.4 डिग्री, बक्सर में 1.9 डिग्री, डेहरी में 1.5 डिग्री, अरवल में 1 डिग्री, वैशाली में 1.1 डिग्री, सीतामढ़ी के पुपरी में 3.3 डिग्री, समस्तीपुर में 3 डिग्री, मधुबनी में 2.2 डिग्री, मुजफ्फरपुर में 0.5 डिग्री, बेगूसराय में 1.1 डिग्री, मुंगेर में 5 डिग्री, बांका में 4.3 डिग्री, जमुई में 4.4 डिग्री, नालंदा में 0.9 डिग्री, पूर्णिया में 1.8 डिग्री और कटिहार में 1.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। 

तापमान का उतार-चढ़ाव रहेगा जारी
हालांकि, मौसम में फिर से बदलाव की उम्मीद है। मौसम विभाग का कहना है कि रविवार से उत्तरी पछुआ हवाओं का प्रभाव थोड़ा कम होगा, जिससे तापमान में थोड़ी वृद्धि देखने को मिल सकती है। हालांकि, इस सप्ताह भी तापमान में उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होगी, लेकिन 15 फरवरी तक ठंड बनी रहने की संभावना है।इन शहरों का तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा

बताया गया कि बक्सर 9 डिग्री, डेहरी 7.5 डिग्री, गया 9.8 डिग्री, जमुई 9 डिग्री, बांका 6 डिग्री, पूर्णिया 9.5 डिग्री, अगवानपुर 9.1 डिग्री, मधुबनी 8.5 डिग्री, पुपरी 7.6 डिग्री, मोतिहारी 8.1 डिग्री, मधेपुरा 8.1 डिग्री, गोपालगंज 9.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

Tags - Bihar Weather Weather News Weather Forecast Bihar News Latest News Breaking News