द फॉलोअप डेस्क
बिहार में रामनवमी के दिन 27 मार्च को मौसम विभाग ने तेज आंधी के साथ बारिश और व्रजपात की चेतावानी जारी की है। विभाग ने बदलते मौसम को लेकर कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बिगड़ते मौसम को देखते हुए लोगों को अलर्ट रहने के लिए कहा है। वहीं, पिछले कुछ दिनों से बिहार का मौसम शुष्क बना हुआ था और ज्यादातर इलाकों में धूप खिली रही। हालांकि, अब मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। 26 मार्च से ही पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज जैसे जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि अन्य क्षेत्रों में मौसम सामान्य रह सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि रामनवमी के दिन 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने, गरज-चमक के साथ भारी बारिश और कई जिलों में ओलावृष्टि होने का भी संभावना बताई है। पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, वैशाली, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, सीवान, सारण, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल सहित 18 जिलों में विशेष रूप से ओले गिरने की आशंका जताई गई है।
.jpeg)
वहीं रामनवमी के अगले दिन 28 मार्च को भी मौसम का असर जारी रहेगा। भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल को छोड़कर राज्य के अन्य 32 जिलों में 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी और बारिश की संभावना है। इन इलाकों में वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम में इस बदलाव के कारण दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। फिलहाल राज्य में अधिकतम तापमान 30 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जिसमें कैमूर, पटना, बक्सर और गया जैसे जिलों में गर्मी ज्यादा महसूस की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें। तेज आंधी-बारिश और ओलावृष्टि के समय घरों में ही रहें, खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखें। जरूरी होने पर ही बाहर निकलें।