द फॉलोअप डेस्क
पटना स्थित गोपालपुर थाना क्षेत्र के मानपुर बैरिया से एक भूमि विवाद का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि भूमि विवाद में गुरुवार को सेवानिवृत्त सेना के एक जवान को गोली मार कर हत्या कर दी गई। वहीं, इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। दरअसल यह मामला 2005 का है। बताया जा रहा है कि 2005 में तेजनंदन राय नाम का एक व्यक्ति ने चोखा राय से एक जमीन की रजिस्ट्री कराई थी। अब उसी जमीन पर चोखा राय का नाती विकास कुमार अपना दावा कर रहा है। जानकारी के मुताबिक, गुरुवार की सुबह तेजनंदन राय जमीन की नापी कराने के बाद बाउंड्री वाल का निर्माण करा रहे थे। इसी दौरान विकास कुमार अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचा और निर्माण कार्य का विरोध करने लगा।

वहीं, प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक कहासुनी और बहस होती रही। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि विकास कुमार ने कमर से पिस्तौल निकाली और तेजनंदन राय पर गोली चला दी। बताया जा रहा है कि गोली लगते ही वे खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े। वहीं, आरोपी मौके से फरार हो गया। इस घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग दौड़ पड़े और स्वजन को सूचना दी गई। वहीं, घायल अवस्था में तेजनंदन राय को तुरंत पास के निजी अस्पताल ले जाया गया। लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना कि जानकारी मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस के साथ वरीय अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी
.jpeg)
रंजन कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिए। बहरहाल, पुलिस मौके से गोली के तीन खोखे बरामद किए हैं। बताया जा रहा है कि घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए और वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू की।अधिकारियों का कहना है कि आरोपित विकास कुमार की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस द्वारा पूछताछ में स्थानीय लोगों ने बताया कि पहले नाना ने जमीन बेच दी थी, लेकिन अब नाती उसी जमीन पर दावा कर रहा है।