logo

1 लाख की रिश्वत लेते सरकारी इंजीनियर गिरफ्तार, निगरानी विभाग ने रंगे हाथ दबोचा

BIHAR7.jpg

द फॉलोअप डेस्क, बिहार:
बिहार में निगरानी विभाग ने भ्रष्टाचार के आरोप में एक सरकारी इंजीनियर को गिरफ्तार किया है। शिक्षा विभाग से जुड़े बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड में पूर्णिया में तैनात कार्यपालक अभियंता द्विजेंद्र कुमार मिश्र को 1.04 लाख रुपये रिश्वत लेते पकड़ा गया। मामला सरकारी स्कूल में निर्माण कार्य से जुड़ा है। आरोप है कि इंजीनियर ने ठेकेदार से करीब तीन लाख रुपये की कमीशन की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने मामले की जांच शुरू की और सत्यापन के बाद कार्रवाई की।

तलाशी के दौरान 8.36 लाख रु बरामद 
रिश्वत लेते गिरफ्तारी के बाद निगरानी टीम ने पटना के रूपसपुर इलाके में स्थित इंजीनियर के आवास पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान 8.36 लाख रुपये से अधिक नकद बरामद होने की बात सामने आई है। इसके अलावा बैंक से जुड़े दस्तावेज, संपत्ति और निवेश के कागजात, एक कार तथा बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण भी मिले हैं।

जांच एजेंसी अब बरामद आभूषणों और अन्य संपत्तियों का मूल्यांकन करा रही है। शुरुआती जांच में करीब एक करोड़ रुपये के पारिवारिक निवेश से जुड़े दस्तावेज मिलने की जानकारी है। निगरानी विभाग की कार्रवाई के बाद आरोपी इंजीनियर को निगरानी कोर्ट में पेश करने की तैयारी है। पूरे मामले में रिश्वत के साथ-साथ आय से अधिक संपत्ति के पहलू की भी जांच की जा रही है।

Tags - Bihar NewsACB ActionBribery CaseGovernment EngineerCorruption Case