Gopalganj Student Death: गोपालगंज (Gopalganj) के थावे थाना क्षेत्र (Thawe police station) के खानपुर अजमत (Khanpur Ajmat) गांव में छात्रा की संदेहास्पद मौत के बाद गुरुवार को माहौल तनावपूर्ण हो गया। पोस्टमार्टम के बाद आक्रोशित परिजन और ग्रामीण सुबह करीब 7:30 बजे छात्रा का शव लेकर मुख्य आरोपी के घर के सामने पहुंच गए। वहां घर के मुख्य गेट की सीढ़ी के पास लकड़ियां सजाकर शव को जला दिया। इस घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

ढाई घंटे तक जारी रहा विरोध
जानकारी के अनुसार, पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद गुरुवार सुबह करीब 5:30 बजे शव परिजनों को सौंप दिया था। इसके लगभग दो घंटे बाद ग्रामीण शव लेकर आरोपी के घर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। बताया जाता है कि आरोपी के घर के सामने शव करीब ढाई घंटे तक जलता रहा। छात्रा की मौत को लेकर परिजन और ग्रामीण शुरू से ही आक्रोशित हैं। उन्होंने मामले में हत्या की आशंका जताई है।

गांव में पुलिस बल तैनात
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन सतर्क है। सर्किल इंस्पेक्टर धर्मवीर प्रसाद, थानाध्यक्ष विभा कुमारी, उचकागांव थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार झा और टीओपी प्रभारी धीरज कुमार समेत बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी व जवान मौके पर तैनात हैं। पुलिस गांव की स्थिति पर कड़ी नजर बनाए हुए है। वहीं, छात्रा की मौत के मामले में जांच जारी है।