गिरिडीह
गिरिडीह जिले के बगोदर थाना पुलिस ने पशु तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जीटी रोड स्थित औरा के पास बिहार से पश्चिम बंगाल ले जाए जा रहे 16 मवेशियों से लदे एक मिनी ट्रक को जब्त किया है। ट्रक में 10 गाय और छह बछड़े मिले। परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर चालक को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। बरामद सभी मवेशियों को सुरक्षित हजारीबाग गौशाला भेज दिया गया।
वाहन जांच में 16 मवेशी बरामद
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि बिहार से पश्चिम बंगाल की ओर एक मिनी ट्रक में दुधारू पशुओं को ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी राजेश कुमार के नेतृत्व में औरा के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग (जीटी रोड) पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान संदिग्ध मिनी ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। ट्रक में 10 गाय और छह बछड़े लदे मिले। पुलिस ने चालक से पशुओं के परिवहन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने सभी मवेशियों को जब्त कर हजारीबाग गौशाला भेज दिया तथा चालक को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ बगोदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली। 
बिहार से पश्चिम बंगाल ले जाए जा रहे थे मवेशी
थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मवेशियों को किस उद्देश्य से और किन लोगों के निर्देश पर बिहार से पश्चिम बंगाल ले जाया जा रहा था। जांच के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।