द फॉलोअप डेस्क
नालंदा जिले के सरमेरा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां बीती शाम टहलने निकले चार युवकों को एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने कुचल दिया। यह हादसा इतना भीषण था कि दो युवकों की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।.jpg)
इस दर्दनाक हादसे में झनकी गांव के 23 वर्षीय मन्नू कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 वर्षीय पुष्पंजय कुमार ने इलाज के लिए बिहार शरीफ ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। घायलों की स्थिति फिलहाल नाजुक बनी हुई है और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। एक साथ दो मौतों की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।.jpeg)
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सरमेरा थानाध्यक्ष के अनुसार, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार ट्रक चालक की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी चालक को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
स्थानीय प्रशासन ने इस दुखद घड़ी में मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और उन्हें सरकारी प्रावधानों के तहत उचित राहत व आर्थिक सहयोग देने की घोषणा की है। फिलहाल पुलिस और स्थानीय लोग घायलों की बेहतर चिकित्सा सुनिश्चित करने और पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाने में जुटे हैं।