द फॉलोअप डेस्क
बिहार की राजधानी पटना समेत विभिन्न हिस्सों में सोमवार को सुबह हल्के से मध्यम स्तर के कोहरे की संभावना जताई गई है। खासतौर पर हिमालय की तराई वाले इलाकों में घना कोहरा छा सकता है। मौसम विभाग की माने तो अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है। इससे रात के समय ठंड में थोड़ी राहत मिल सकती है। बताया जा रहा है कि रविवार को प्रदेश में मौसम शुष्क रहा। इसके साथ ही प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस और औसत न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कई शहरों में गिरा तापमान
रविवार को वाल्मीकि नगर और राज्य के अन्य हिस्सों में घना और हल्का कोहरा देखने को मिला। इस वजह से राज्य के 26 शहरों का न्यूनतम तापमान और 28 शहरों का अधिकतम तापमान गिरा। इस दौरान सबसे ठंडा शहर डेहरी (रोहतास) रहा। यहां तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इस कारण गिरा तापमान
मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार को पछुआ हवाओं के प्रभाव से दिन का तापमान गिरा। इससे राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में गिरावट आई। बताया जा रहा है कि सबसे अधिक गिरावट वाल्मीकि नगर में 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई। जबकि पटना में अधिकतम तापमान 1.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 0.9 डिग्री सेल्सियस तक गिरा। इस दौरान राजधानी का अधिकतम तापमान 22.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।