logo

सड़क हादसे में मौके पर बाप-बेटे की गई जान, इस शहर में हुई दर्दनाक घटना

deadbodyyyy1.jpg

 सुपौल
बिहार के सुपौल जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पिता और पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार का एक अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान पिपरा थाना क्षेत्र के जोलनहिया गांव निवासी शंभू गोस्वामी और उनके बेटे राहुल गोस्वामी के रूप में हुई है। शंभू गोस्वामी अपने दोनों बेटों—राहुल और रोहित—को बाइक से स्टेशन छोड़ने जा रहे थे, तभी एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और शंभू गोस्वामी व राहुल गोस्वामी की मौके पर ही मौत हो गई। तीसरा बेटा रोहित गोस्वामी गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल रोहित को एंबुलेंस से सदर अस्पताल, सुपौल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।


हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया, जिससे करीब चार घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति को शांत कराया। प्रशासन की ओर से आश्वासन मिलने के बाद सड़क जाम हटाया गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की पहचान कर चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। इस हृदयविदारक घटना से जोलनहिया गांव समेत पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।


 

Tags - Road Accident Supaul News Father Son Death Hit and Run Bihar