द फॉलोअप डेस्क
बिहार के चर्चित भोजपुरी गायक सूरज सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव को लेकर अश्लील गाने बनाए हैं। इसी आरोप में नवादा पुलिस ने सूरज सिंह को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस अश्लील गाने को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी मिली थी, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की।
JDU और RJD ने जतायी आपत्ति
मिली जानकारी के अनुसार, यह गाना होली के मौके पर बनाया गया था। इसमें सीएम नीतीश कुमार और राजद सुप्रीमो लालू यादव पर अश्लील टिप्पणी की गई थी। सोशल मीडिया पर इस गाने के वायरल होने के बाद लोगों की प्रतिक्रियाएं आने लगी। इसमें कई लोगों ने गायक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, JDU और RJD ने भी इस गाने पर कड़ी आपत्ति जताई है।
X प्लेटफॉर्म पर अपलोड था गाना
इस मामले में साइबर DSP प्रिया ज्योति ने बताया कि गायक सूरज सिंह को नालंदा से गिरफ्तार किया गया है। उनके मोबाइल से कुछ और चौंकाने वाले कंटेंट भी बरामद हुए हैं। पुलिस ने सोशल मीडिया के नोडल प्रभारी से इस गाने के X प्रोफाइल को फिलहाल होल्ड करवा लिया है। क्योंकि गायक ने इस अश्लील गाने को X प्लेटफॉर्म पर अपलोड किया था। फिलहाल, पुलिस सूरज सिंह से पूछताछ कर रही है। इस मामले की गंभीर रूप से जांच की जा रही है।
