logo

बिहार में पकड़ा गया फर्जी IAS अधिकारी, रेस्टोरेंट मालिक और कर्मचारियों पर जमा रहा था धौंस; गिरफ्तार

arrest34.jpg

द फॉलोअप डेस्क    
बिहार में एक और फर्जी अधिकारी का भंडाफोड़ हुआ है। इस बार मामला एक फर्जी IAS अफसर का है। पुलिस ने दरभंगा जिले के सोनकी थाना क्षेत्र में स्थित दलान रिसॉर्ट से एक शख्स को पकड़ा है, जो खुद को समस्तीपुर का ADM (जिलाधिकारी) बताकर धौंस जमा रहा था। आरोपी का नाम अभिनव कुमार बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार अभिनव और उसके 3 साथी देर रात एक रेस्टोरेंट में पहुंचे थे। यहां उन्होंने नशे की हालत में आकर धौंस जमाने की कोशिश की। 

जब रेस्टोरेंट के मालिक को इस पर शक हुआ, तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस को सूचना मिली कि ये लोग खुद को उच्च सरकारी अधिकारी बताकर रेस्टोरेंट के कर्मचारियों और मालिक पर दबाव बना रहे थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने अभिनव कुमार को गिरफ्तार कर लिया। लेकिन 3 आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे। 

पुलिस ने बताया कि फर्जी ADM अभिनव कुमार ने अपना परिचय एक IAS अधिकारी के तौर पर दिया। साथ ही दावा किया कि उसकी पोस्टिंग समस्तीपुर में हुई है। हालांकि, जब पुलिस ने उससे अपनी पहचान की पुष्टि करने को कहा, तो वह कोई आईडी दिखाने में असफल रहा। इसके बाद पुलिस ने उसे और उसके साथियों को गिरफ्तार कर लिया। 

यह मामला हाल ही में बिहार में पकड़े गए एक अन्य फर्जी IPS अधिकारी की घटना के बाद सामने आया है। इससे यह साफ होता है कि कुछ लोग सरकारी अधिकारी बनने का झूठा दावा कर लोगों को धोखा देने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस अब इस मामले में आगे की जांच कर रही है।

Tags - Darbhanga Fake IAS Officer Samastipur’s ADM Bullying Restaurant Owner Arrested Bihar News Latest News Breaking News