logo

बिहार में हवाई कनेक्टिविटी का विस्तार, खुलेंगे 4 नए एयरपोर्ट्स  

एयर.jpg

द फॉलोअप डेस्क
बिहार में हवाई कनेक्टिविटी को विस्तार देने के लिए 4 नए एयरपोर्ट्स खुलेंगे। गोपालगंज के सबेया, बेगूसराय के उलाओ, भागलपुर और छपरा में नए एयरपोर्ट विकसित किए जाएंगे। हालांकि अब तक राज्य में पटना एयरपोर्ट और दरभंगा एयरपोर्ट ही मुख्य हवाई केंद्र थे, जबकि गया एयरपोर्ट और पूर्णिया एयरपोर्ट पर सीमित सेवाएं उपलब्ध थीं। दरअसल, केंद्र सरकार ने देशभर में 100 नए एयरपोर्ट विकसित करने के लिए महत्वाकांक्षी प्रस्ताव को मंजूरी दी है, जिसमें बिहार के ये चारों जिले शामिल हैं। केंद्र सरकार के इस पहल का उद्देश्य नए एयरपोर्ट निर्माण को बढ़ावा देकर राज्य के शहरों को सीधे हवाई नेटवर्क से जोड़ना है। सरकार का कहना है कि इससे यात्रा आसान होने के साथ-साथ विकास और निवेश को भी नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है। केंद्र सरकार के इस फैसले से राज्य में हवाई यात्रा का दायरा तेजी से बढ़ेगा और लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

इन नए एयरपोर्ट्स के शुरू होने के बाद लोगों को हवाई सफर के लिए बड़े शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। साथ ही, राज्य का हवाई नेटवर्क पहले से अधिक मजबूत और व्यवस्थित होगा। इसके अलावा, पूर्णिया में सिविल टर्मिनल निर्माण और मुजफ्फरपुर के पताही हवाई पट्टी के पुनरुद्धार का काम भी अंतिम चरण में है। वहीं, सोनपुर में नए एयरपोर्ट निर्माण को भी मंजूरी मिल चुकी है। सरकार का मानना है कि बेहतर हवाई कनेक्टिविटी से न केवल यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि व्यापार, निवेश और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

Tags - Bihar airport expansion new airports in Bihar Sabeya Gopalganj airport Ulao Begusarai airport Bhagalpur airport project Chhapra airport development Patna airport Darbhanga airport Gaya airport Purnea airport Bihar aviation growth India regional