द फॉलोअप डेस्क
बिहार के भवन निर्माण अंचल-1 (पटना) में पदस्थापित सुपरिटेंडिंग इंजीनियर पवन कुमार के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई शुरू की। एजेंसी की टीम पटना, भागलपुर और नोएडा समेत कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कर रही है। पटना के कृष्णापुरी स्थित यमुना अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 305/B में सुबह करीब 8 बजे से तलाशी अभियान जारी है। बताया जा रहा है कि यह 3BHK फ्लैट है, जहां पवन कुमार वर्ष 1990-95 से रह रहे हैं और इसकी अनुमानित कीमत तीन करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। पूरे मामले के बारे में बताया जा रहा है कि सुपरिटेंडेंट इंजीनियर पवन कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला ईओयू थाने में दर्ज किया गया था। इसके बाद कोर्ट से परमिशन मिलने के बाद 6 अलग-अलग ठिकानों पर पुलिस उपाधीक्षक और पुलिस निरीक्षक के पदाधिकारियों के नेतृत्व में तलाशी की कार्रवाई की जा रही है।

नोएडा में फ्लैट, फार्म हाउस
EOU की अन्य टीमें पवन कुमार के पटना स्थित कार्यालय, भागलपुर के तिलकामांझी क्षेत्र स्थित आनंदगढ़ कॉलोनी के आवास तथा अन्य संपत्तियों की भी जांच कर रही हैं। वहीं नोएडा के सेक्टर-75 स्थित फ्लैट, फार्म हाउस और नई दिल्ली के द्वारका सेक्टर-10 स्थित फ्लैट पर भी अलग-अलग टीमों द्वारा छापेमारी की जा रही है। फिलहाल एजेंसी दस्तावेजों और संपत्तियों से जुड़े रिकॉर्ड खंगाल रही है। कार्रवाई पूरी होने के बाद ही मामले में विस्तृत जानकारी सामने आने की संभावना है।