logo

पूर्वी चंपारण में रिश्वतखोरी पर वार, निगरानी टीम ने प्रधान लिपिक को 10 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोचा

P_CHAM.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

पूर्वी चंपारण के कल्याणपुर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मंगलवार को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रधान लिपिक रवि चतुर्वेदी को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम प्रधान लिपिक को अपने साथ राजधानी पटना ले गई। वहीं इस कार्रवाई से स्वास्थ्य केंद्र परिसर में अफरा-तफरी का माहौल देखा गया, और वहां कार्यरत कर्मचारियों के बीच हड़कंप मच गया। मिली जानकारी के अनुसार, स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी भरत ठाकुर, जो हाल ही में सेवानिवृत्त हुए थे, अपने भविष्य निधि (PF) के करीब 20 लाख रुपये की निकासी के लिए लगातार प्रयासरत थे। इस मामले को लेकर आरोप है कि प्रधान लिपिक रवि चतुर्वेदी ने इस राशि के भुगतान के एवज में 2 प्रतिशत कमीशन की मांग की थी।

कमीशन के बार-बार मांग से परेशान होकर आखिरकार भरत ठाकुर ने लगभग एक महीनें पहले निगरानी विभाग, पटना में इसकी शिकायत दर्ज कराई थी। वहीं शिकायत की पुष्टि के बाद निगरानी विभाग की टीम ने प्रधान लिपिक रवि चतुर्वेदी को पकड़ने के लिए योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। मंगलवार को तय योजना के तहत भरत ठाकुर ने प्रधान लिपिक को 10 हजार रुपये दिए, जिसे लेते ही पहले से मौजूद निगरानी टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रधान लिपिक रवि चतुर्वेदी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस छापेमारी अभियान का नेतृत्व निगरानी डीएसपी विकास कुमार श्रीवास्तव कर रहे थे। उनके साथ टीम के छह अन्य सदस्य भी मौजूद रहे, जिन्होंने पूरी कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।

Tags - east champaran corruption case kalyanpur health center vigilance bureau patna bribery arrest india ravi chaturvedi clerk caught red handed bribe bihar corruption news pf withdrawal case india government employee bribery vigilance raid bihar