द फॉलोअप डेस्क
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर पूर्व केंद्रीय मंत्री और "आप सबकी आवाज" पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पहले बिहार में 'जंगलराज' था, लेकिन अब 'FIR राज' का दौर है। यह बयान उन्होंने रविवार को भागलपुर में आयोजित पार्टी के होली मिलन समारोह में दिया।
बजट पर उठाए सवाल
बता दें कि पत्रकारों से बातचीत करते हुए आरसीपी सिंह ने बिहार के बजट पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बिहार का बजट 3 लाख 17 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। लेकिन बढ़ती आबादी के बावजूद राज्य में वह विकास नहीं दिख रहा, जिसकी उम्मीद थी। उन्होंने कहा कि नीतीश सरकार के शासन में विकास का कोई ठोस पैमाना नहीं नजर आता।
चुनावी रणनीति पर की बात
इसके साथ ही उन्होंने आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी पार्टी के चुनावी रणनीति पर भी बात की। आरसीपी सिंह ने कहा कि उनकी पार्टी किसी भी दल के साथ मिलकर चुनाव लड़ने को तैयार है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में कानून का भय होना चाहिए, न कि किसी प्रकार का डर। इस बात पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि बिहार में FIR सिर्फ तब होनी चाहिए जब कोई गंभीर अपराध हुआ हो। लेकिन अब तो सरकारी कर्मचारियों और मुखियाओं तक के खिलाफ बिना वजह FIR दर्ज कर दी जाती है, जो लोकतंत्र के खिलाफ है।
सीएम पर कसा तंज
सीएम नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए आरसीपी सिंह ने कहा कि 2005 से लेकर आज तक नीतीश कुमार मुख्यमंत्री हैं। लेकिन अब उनका खुद का शरीर भी उनके नियंत्रण में नहीं है, तो फिर प्रशासन और शासन पर उनका क्या नियंत्रण होगा। उन्होंने आगे कहा, "हमने उनके साथ काम किया है और अब स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है।"
इसके साथ ही आरसीपी सिंह ने नीतीश सरकार की आर्थिक स्थिति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार जो प्रति व्यक्ति आय 60 हजार रुपये बताती है, वही देश की औसत प्रति व्यक्ति आय 2 लाख रुपये है। अगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2047 तक देश को विकसित बनाने की बात करते हैं, तो बिहार में भी प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि होनी चाहिए।