द फॉलोअप डेस्क
बिहार BJP के नए अध्यक्ष के रूप में डॉ दिलीप जायसवाल की ताजपोशी की गई है। बता दें कि मंगलवार को पटना में आयोजित एक भव्य बैठक में उन्हें BJP प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर विधिवत निर्वाचित किया गया। इस मौके पर केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने केंद्रीय चुनाव पर्यवेक्षक के रूप में इसकी औपचारिक घोषणा की। डॉ दिलीप जायसवाल का कार्यकाल 3 साल के लिए होगा। इस बैठक में बिहार BJP के कई प्रमुख नेता भी मौजूद थे।
मिली जानकारी के अनुसार, दिलीप जायसवाल की ताजपोशी के दौरान BJP के कई दिग्गज नेता वहां उपस्थित थे। इससे यह स्पष्ट हो गया कि पार्टी बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। दिलीप जायसवाल का नाम सीमांचल के बड़े नेताओं में लिया जाता है। पार्टी ने उनके नेतृत्व में चुनावी मैदान में उतरने का निर्णय लिया है। BJP के कार्यकारी अध्यक्ष रह चुके हैं जायसवाल
जानकारी हो कि दिलीप जायसवाल पिछले साल जुलाई में बिहार BJP के कार्यकारी अध्यक्ष बनाए गए थे। इस दौरान वे नीतीश सरकार में भूमि एवं राजस्व सुधार मंत्री भी रहे थे। हालांकि, करीब 7 महीने बाद उन्होंने पार्टी के 'एक व्यक्ति एक पद' के सिद्धांत के तहत नीतीश सरकार से इस्तीफा दे दिया। अब, उनका विधिवत रूप से बिहार BJP प्रदेश अध्यक्ष के रूप में चयन हुआ है।