दरभंगा
दरभंगा जिले के केवटी थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात कुछ बदमाशों ने एक युवक से करीब 2.5 लाख रुपये लूट लिये। बदमाशों ने विरोध करने पर चाकू से वार किया। इलाज के दौरान घायल युवक की मौत हो गई। दुकान का पैसा लेकर मालिक के घर जा रहा था। मौत की खबर गांव में आग की तरह फैल गई। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। घटना करीब 9:30 बजे छतवन गांधी चौक के पास हुई। इस घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई है।

मालिक के घर जा रहा था रेहान
मृतक की पहचान छतवन गांधी चौक निवासी 22 वर्षीय मो. रेहान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रेहान, मो. अफरोज का पुत्र था। वह छतवन आजाद चौक स्थित पप्पू हार्डवेयर दुकान पर काम करता था और दुकान के हिसाब-किताब देखता था। रेहान दुकान के करीब ढाई लाख रुपये लेकर मालिक को देने उनके गांव जा रहा था। इसी दौरान कुछ बदमाशों ने लूटपाट करने की मंशा से रास्ते में उसकी बाइक रोक दिया। लूटपाट का विरोध करने पर बदमाशों ने रेहान पर चाकू से हमला कर दिया और रुपये लूटकर फरार हो गए।

परिवार में कोहराम
चाकू के वार से रेहान गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही केवटी थानाध्यक्ष राहुल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केवटी-रनवे में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रेहान की मौत की खबर गांव में आग की तरह फैल गई, जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर रात करीब एक बजे पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है। फिलहाल मामले की जांच है। पुलिस बदमाशों की तलाश में है।