बिहारशरीफ/बिहार
साइबर अपराधियों ने अब अपने अपराध करने के तरीकों में बदलाव कर लिया है। अब अपराधी डॉरेक्ट फोन कर या मैसेज कर पैसे नहीं मांग रहे, बल्कि अपने तरीकों में बदलाव करते हुए दूल्हा और दुल्हन को टारगेट कर रहे हैं। बिहारशरीफ के अनिल कुमार साइबर थाना में अपराधियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने पहुंचे। आरोप लगाया कि साइबर अपराधियों ने उनकी बेटी के ससुराल पक्ष में फोन और मैसेज कर उनकी बेटी को बदनाम करने की कोशिश की। उनके मुताबिक, बेटी के बारे में ससुराल पक्ष को लगातार आपत्तिजनक और भ्रामक संदेश अपराधियों ने भेजा। घटना जिले के सोहसराय थाना क्षेत्र के मोगलकुआं गांव की है।

इस घटना से पूरा परिवार आहत है
अनिल कुमार ने बताया कि उन्होंने अपनी बड़ी बेटी की शादी औरंगाबाद में तय की है। 4 मई को रिंग सेरेमनी संपन्न हुई। इसके बाद 5 जून से ही अलग-अलग फर्जी अकाउंट के माध्यम से बेटी के ससुराल पक्ष को लगातार आपत्तिजनक और भ्रामक मैसेज किए गए। इतना ही नहीं परिवार के बारे में भी गलत-गलत बातें फैला रहे हैं। उनका कहना है इस घटना के बाद से उनका पूरा परिवार आहत है। सबसे ज्यादा परेशान होने वाली दुल्हन है। उसका कहना है कि इस तरह से उसकी छवि खराब की जा रही है। इसी को लेकर अनिल साइबर थाना जाकर इसकी शिकायत दर्ज करवाई है। साथ ही उन्होंने साइबर थाना पुलिस से आरोपियों की पहचान कर जल्द-से-जल्द कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

इससे पहले भी कई ऐसे मामले सामने आए हैं
हालांकि यह कोई पहला मामला नहीं है। पिछले वर्ष कतरीसराय की एक युवती ने भी साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। युवती के अनुसार, उसका एक फेसबुक फ्रेंड शादी की जानकारी मिलने के बाद उसके होने वाले पति को उसके बारे में झूठी और भ्रामक बातें बताने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने 40 हजार रुपये की मांग कर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। पुलिस की कार्रवाई के बाद मामला शांत हुआ। इसी तरह इस्लामपुर की एक युवती, जो सोशल मीडिया पर नियमित रूप से वीडियो साझा करती थी, उसकी शादी से जुड़ी तस्वीरों और वीडियो का दुरुपयोग किया गया। एक सोशल मीडिया परिचित ने उसका फर्जी वीडियो बनाकर फेसबुक पर अपलोड कर दिया और विरोध करने पर धमकियां देने लगा। युवती की शिकायत पर हुई तो जांच में आरोपी उसका दूर का देवर निकला।
साइबर थाना पुलिस ने लोगों से किया अपील
साइबर पुलिस और विशेषज्ञों का कहना है कि अपराधी सोशल मीडिया से लोगों की निजी जानकारी जुटाकर उन्हें निशाना बनाते हैं। शादी, सगाई और परिवार से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक करने से अपराधियों को फर्जी प्रोफाइल बनाकर बदनाम करने, ब्लैकमेल करने या रिश्ते खराब करने का मौका मिल जाता है। लगातार इस तरह के घटना की शिकायत मिलने से पुलिस भी चिंतिंत है। पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर निजी जानकारी सीमित रखने की अपील की है। इसके साथ ही अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करने की भी अपील की है। पुलिस का कहना है कि अगर इस तरह का कॉल या मैसेज आता है तो त्वरित इसकी जानकारी साइबर थाने में देने की बात कही है।