पटना
पटना में आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, सदाकत आश्रम में डॉ. पुलकित गर्ग सैकड़ों समर्थकों के साथ पार्टी में शामिल हुए। डॉ. पुलकित गर्ग युवा उद्यमी एवं सामाजिक कार्यकर्ता हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम के हाथों सबको सदस्यता दिलाई गई। सदस्यता ग्रहण के बाद अध्यक्ष ने कहा कि डॉ. पुलकित गर्ग जैसे ऊर्जावान और सामाजिक रूप से सक्रिय युवाओं के जुड़ने से कांग्रेस संगठन को नई मजबूती और नई दिशा मिलेगी।

राजनीति में युवाओं की भागीदारी जरुरी
इसके अलावा सदस्यता ग्रहण करने वाले लोगों में शामिल युवा उद्यमी इंजीनियर इजराइल अंसारी, इंजीनियर राजेश कुमार, इंजीनियर पवन सिन्हा, राजद नेता राजकुमार प्रसाद सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता और युवा मौजूद रहे। इस अवसर पर कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि आज देश और राज्य की राजनीति में युवाओं की भागीदारी बेहद जरूरी है। कांग्रेस पार्टी हमेशा से युवाओं, उद्यमियों और समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने वाली पार्टी रही है। उन्होंने कहा कि डॉ. पुलकित गर्ग और उनके साथ जुड़े साथियों के कांग्रेस परिवार में आने से संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक ताकत मिलेगी। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस की विचारधारा सामाजिक न्याय, समावेशी विकास और लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित है। बड़ी संख्या में युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं का पार्टी से जुड़ना इस बात का संकेत है कि लोग कांग्रेस की नीतियों और नेतृत्व पर भरोसा जता रहे हैं।

संविधान की रक्षा जरुरी
वहीं इस अवसर पर पुलकित गर्ग ने कहा कि देश अब लफ्फाजियों से ऊब गया है। हमारे पूर्वजों ने जो कुर्बानियां दी हैं आज उन कुर्बानियों को कलंकित किया जा रहा है। इसलिए ये ज़रूरी है कि आज़ादी और संविधान की रक्षा के लिए आगे आया जाए। मिलन समारोह में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम के अलावे मीडिया चेयरमैन राजेश राठौड़, वरीय नेता असितनाथ तिवारी, चंद्रभूषण राजपूत सहित अन्य नेता मौजूद रहे।