सुल्तानगंज/बिहार
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने स्व० कृष्ण भूषण कुमार की पत्नी शालू कुमारी को सरकारी नौकरी देने की घोषणा की है। कृष्ण भूषण कुमार सुल्तानगंज नगर परिषद् के कार्यपालक पदाधिकारी थे। 28 अप्रैल को अपराधियों द्वारा गोली मारकर की गई थी हत्या। 25 लाख रुपये की अनुग्रह राशि की पहले ही मंजूरी दे दी थी।

नियमानुसार मिलेगी सरकारी नौकरी
दिवंगत कार्यपालक कृष्ण भूषण कुमार की धर्मपत्नी शालू कुमारी और उनके परिजनों ने आज मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री को अपनी वर्तमान स्थिति, भरण-पोषण की दिक्कतों और अन्य गंभीर समस्याओं से अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने पूरे परिवार की बातें अत्यंत संवेदनशीलता के साथ सुनीं और उन्हें ढांढस बंधाते हुए राज्य सरकार की तरफ से हरसंभव मदद और सुरक्षा का पूरा भरोसा दिलाया। साथ ही कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवार के प्रति पूरी संवेदनशीलता रखती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नियमानुसार स्व० कृष्ण भूषण कुमार की पत्नी शालू कुमारी को जल्द से जल्द सरकारी नौकरी प्रदान की जाए, ताकि परिवार को आर्थिक संबल मिल सके।

28 अप्रैल को हुई थी हत्या
गौरतलब है कि बीते 28 अप्रैल को कार्यपालक कृष्ण भूषण कुमार की अपराधियों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। इस दुखद घटना के बाद राज्य सरकार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित परिवार के आश्रितों के लिए 25 लाख रुपये की अनुग्रह राशि को पहले ही मंजूरी दे दी थी। अब पत्नी को नौकरी देने का निर्देश दिया गया है।