logo

CM सम्राट ने राहुल गांधी पर साधा निशाना, हाई सिक्योरिटी जोन में नियमों की अनदेखी का लगाया आरोप

सीएम_1.jpg

द फॉलोअप,डेस्क
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (X) पर विपक्ष के नेता राहुल गांधी के आचरण को लेकर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि हाई सिक्योरिटी जोन में राहुल गांधी ने नियमों की अनदेखी की, जो संवैधानिक मूल्यों और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के प्रतिकूल है। सीएम सम्राट ने कहा कि क्षणिक राजनीतिक लाभ और सुर्खियां बटोरने की कोशिश में किया गया ऐसा व्यवहार विपक्ष के नेता जैसे संवैधानिक पद की गरिमा पर भी सवाल खड़ा करता है।

 

लोकतांत्रिक पदों की गरिमा को आहत
मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट में कहा कि राजनीति में मतभेद होना स्वाभाविक हैं, लेकिन संवैधानिक संस्थाओं, सुरक्षा प्रोटोकॉल और सार्वजनिक मर्यादाओं का सम्मान सर्वोपरि होना चाहिए। उनके अनुसार, लोकतांत्रिक पदों की गरिमा को आहत करने वाला कोई भी आचरण किसी भी दृष्टि से उचित नहीं ठहराया जा सकता। उन्होंने आगे कहा कि देश अपेक्षा करता है कि सार्वजनिक जीवन में नेताओं का आचरण भी उतना ही जिम्मेदार, संयमित और मर्यादित हो, जितनी बड़ी जिम्मेदारी उनके पद के साथ जुड़ी होती है। उन्होंने लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक परंपराओं के पालन पर जोर दिया।

मंगलवार को धरना देने बैठे थे विपक्षी नेता
दरअसल बीते मंगलवार कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, सपा के प्रमुख नेता अखिलेश यादव समेत कई विपक्षी नेता पीएमओ आवास के सामने बैठकर धरना दे रहे थे। कॉकरोच जनता पार्टी द्वारा लगातार कथित नीट पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था में हुई गड़बड़ियां और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलन चल रहा है। बीते दिनों दिल्ली पुलिस द्वारा जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे प्रद्शनकारियों पर जमकर लाठियां बरसाईं गई और आंसू गैस के गोले दागे गए। इसमें कई छात्र घायल हुए। इसी के विरोध में विपक्षी नेता धरना देने बैठे थे। धरना पर बैठे नेताओं को पुलिस हिरासत में ली थी। इसी मुद्दे को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने यह ट्वीट किया है।

Tags - Rahul Gandhi ProtestRahul Gandhi Detention