logo

CM सम्राट ने बिहार पुलिस को दी 84 नए हाईटेक वाहनों की सौगात, मजबूत होगी राज्य की सुरक्षा व्यवस्था

patna_p.jpg

द फॉलोअप डेस्क
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को बिहार पुलिस को बड़ी सौगात  देते हुए 84 नए हाईटेक वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसमें 48 पुलिस बस, 30 चार पहिया वाहन और 6 एंबुलेंस शामिल हैं। इन आधुनिक वाहनों के शामिल होने से पुलिस की त्वरित कार्रवाई क्षमता बढ़ेगी। साथ ही राज्य में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी। मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित 'संवाद' परिसर से लोकार्पण किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से वाहनों की कार्यप्रणाली और उनके उपयोग की जानकारी भी ली।

 

कानून-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कानून-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। बिहार पुलिस को आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि नए वाहनों के शामिल होने से पुलिस की कार्यक्षमता और दक्षता बढ़ेगी। साथ ही अपराध नियंत्रण, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस को और मजबूती मिलेगी।

पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता बढ़ेगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन वाहनों से पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता बढ़ेगी, गश्त व्यवस्था अधिक प्रभावी होगी। आम लोगों को बेहतर सुरक्षा एवं पुलिस सेवाएं मिल सकेंगी। कार्यक्रम के दौरान पुलिस महानिदेशक विनय कुमार ने मुख्यमंत्री का हरित पौधा भेंटकर स्वागत किया। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह समेत गृह विभाग और पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Tags - Bihar Police Bihar Police New Vehicles Samrat Choudhary CM Samrat Choudhary