logo

CM सम्राट ने 2,446 अभ्यर्थियों को सौंपे नियुक्ति पत्र, बोले- जीविका दीदियों के सुझाव पर बढ़ी हैं पेंशन 

जीविका_दीदी.jpg

CM Samrat Gift: 

पटना के ऊर्जा ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को जीविका के माध्यम से चयनित 2,446 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि बिहार सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 और 2025 में महिला संवाद कार्यक्रम शुरू किया गया था। संवाद कार्यक्रम में जीविका दीदियों ने पेंशन और बिजली बिल से जुड़ी समस्याएं सरकार के सामने रखीं थीं। मुख्यमंत्री सम्राट ने जीविका दीदियों को श्रेय देते हुए कहा कि सुझाव के बाद ही सरकार ने निर्णय लेते हुए पेंशन की राशि बढ़ायी है। साथ ही राज्य के 1करोड़ 70 लाख परिवारों को हर महीने 125 यूनिट मुफ्त बिजली देने का फैसला लिया गया।

 


आर्थिक रूप से सशक्त हो रहीं राज्य की महिलाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला संवाद के दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं ने रोजगार की मांग भी की थी। इसके बाद सरकार ने स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए मुर्गी पालन, बकरी पालन और अन्य आजीविका गतिविधियों को प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 के बाद शुरू हुए जीविका अभियान ने बिहार की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया है, जिसका परिणाम है कि आज राज्य की महिलाएं लगभग हर गांव में जीविका समूह विकास कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। उन्होेने कहा कि बड़े पैमाने पर हो रही इन नियुक्तियों से न केवल महिलाओं का भविष्य सुरक्षित होगा, बल्कि उनसे जुड़े हजारों परिवारों के जीवन में भी सकारात्मक बदलाव आएगा। आज बिहार में 10.49 लाख स्वयं सहायता समूहों से 1.11 करोड़ से अधिक महिलाएं जुड़ी हैं। 30 लाख से अधिक 'लखपति दीदी' राज्य की नई विकास शक्ति बन चुकी हैं। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि हमारी सरकार का संकल्प है कि हर गरीब परिवार को रोजगार, हर महिला को सम्मान और हर गांव को विकास के नए अवसर मिले। समृद्ध बिहार की मजबूत नींव आत्मनिर्भर महिलाओं और सशक्त ग्रामीण अर्थव्यवस्था से ही तैयार होगी।

 


इन पदों के लिए वितरित किया गया नियुक्ति पत्र
कार्यक्रम में एरिया कोऑर्डिनेटर, कम्युनिटी कोऑर्डिनेटर, ब्लॉक प्रोजेक्ट मैनेजर, ऑफिस असिस्टेंट, अकाउंटेंट, लाइवलीहुड स्पेशलिस्ट और ब्लॉक आईटी एग्जीक्यूटिव सहित सात पदों के लिए नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, बिजेंद्र प्रसाद यादव समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

Tags - CM Samrat ChoudharyBihar Recruitment Bihar Appointment LetterJEEViKA Recruitment