पटना:
बिहार में प्रतिवर्ष 20,000 शिक्षकों की भर्ती होगी। इस बात की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने यह भी बताया कि शिक्षक भर्ती परीक्षा का विज्ञापन प्रतिवर्ष जुलाई महीने में जारी किया जाएगा। यदि सीएम सम्राट की घोषणा की मानें तो बिहार में अगले 5 साल में 1 लाख शिक्षकों की बहाली होगी। दरअसल, गुरुवार को मुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग की उच्चस्तरीय बैठक बुलाई थी, जहां कई अहम फैसलों पर मुहर लगी। इस बैठक में शिक्षकों के स्थानांतरण और बच्चों के स्कूल यूनिफॉर्म से संबंधित फैसले भी लिए गए हैं।
राज्य के सभी बच्चों को अच्छी और गुणवतापूर्ण शिक्षा मिले, इसे लेकर हमारी सरकार लगातार प्रयासरत है। इस दिशा में आज शिक्षा विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में निम्न निर्देश दिये गये हैं :-
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) May 22, 2026
• अगले 5 वर्षों में 1 लाख शिक्षकों की नियुक्ति की जायेगी जिसके अन्तर्गत प्रत्येक वर्ष कम से… pic.twitter.com/g5K7iSCOdj
शिक्षकों के ट्रांसफर की प्रक्रिया सुगम होगी
सीएम सम्राट ने कहा कि हमारी सरकार प्रदेश के सभी बच्चों को अच्छी और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाने को लेकर गंभीर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षकों के स्थानांतरण की प्रक्रिया को और अधिक सुगम और पारदर्शी बनाने के लिए सरकार प्रयास कर रही है। महिला शिक्षिकाओं को यथासंभव उनके गृह जिले, प्रखंड अथवा गृह पंचायत में पोस्टिंग दी जाएगी। पुरुष शिक्षकों को उनके गृह प्रखंड के पास वाले ब्लॉक में पोस्टिंग दी जायेगी। तबादले की नीति जल्द बनेगी।

जीविका के माध्यम से यूनिफॉर्म की आपूर्ति
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी है कि राज्य के सभी सरकारी स्कूलों में यूनिफॉर्म की आपूर्ति जीविका के माध्यम से की जाएगी। इससे दोहरा लाभ होगा। पहला तो यह कि यूनिफॉर्म बच्चों को सही समय पर मिलेगी और इससे महिला स्वाबलंबन को भी बढ़ावा मिलेगा।

बिहार में TRE 4 के विज्ञापन के लिए आंदोलन
गौरतलब है कि बिहार में बिहार लोकसेवा आयोग (BPSC) TRE 4 परीक्षा की अधिसूचना जारी करने की मांग को लेकर युवाओं का आंदोलन चल रहा है। बिहार के विभिन्न जिलों में शिक्षक बनने की तैयारी में जुटे नौजवान अभी सड़कों पर हैं। पटना में बड़ा आंदोलन और प्रत्युत्तर में लाठीचार्ज हो चुका है।