बिहार
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के 16 जून 2026 को प्रस्तावित सीवान दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। वीवीआईपी मूवमेंट और भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए शहर में एक विशेष ट्रैफिक रूट प्लान लागू किया गया है। इस दौरान भारी वाहनों का रास्ता पूरी तरह बदल दिया गया है, जबकि हल्के वाहनों के लिए भी नए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इसके अलावा, सभा स्थल के आसपास के कई प्रमुख मार्गों पर सुबह से ही 'नो एंट्री' लागू रहेगी। अगर आप कल सीवान, मैरवा, गोपालगंज या तरवारा की ओर यात्रा करने वाले हैं, तो किसी भी परेशानी और जाम से बचने के लिए प्रशासन द्वारा जारी किया गया यह नया रूट प्लान जरूर जान लें।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सीवान में हाई अलर्ट
सीवान पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए शहर और आसपास के क्षेत्रों में विशेष ट्रैफिक प्लान लागू रहेगा। आम लोगों से अपील की गई है कि वे निर्धारित रूट का पालन करें और प्रशासन का सहयोग करें ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
भारी वाहनों के लिए बदला गया पूरा रास्ता
मलमलिया चौक से सीवान, मैरवा और गोपालगंज की ओर जाने वाले सभी भारी एवं बड़े वाहनों को अफराद चौक, महराजगंज, दरौंदा, पचरुखी और छोटपुर होते हुए अपने गंतव्य तक जाना होगा। वहीं सीवान, मैरवा और गोपालगंज से मलमलिया की ओर आने वाले भारी वाहनों को पासवान चौक, छोटपुर बाईपास, पचरुखी, दरौंदा, महराजगंज और अफराद चौक होकर गुजरना होगा।
छोटे और हल्के वाहनों के लिए नया रूट प्लान
चार पहिया वाहन, पिकअप और अन्य हल्के वाहन तरवारा चौक से पचरुखी-हरीहरपुर, लालगढ़ मार्ग होते हुए महराजगंज-सिवान मार्ग से हरदिया मोड़ के रास्ते सिवान, मैरवा और गोपालगंज जा सकेंगे। वापसी के दौरान इन्हीं वाहनों को हरदिया मोड़ से सीवान-महराजगंज मार्ग, पचरुखी-हरीहरपुर लालगढ़ मार्ग होते हुए तरवारा चौक पहुंचना होगा।
तरवारा चौक से वैशाखी मोड़ तक 4 घंटे पहले 'नो एंट्री'
प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि सभा शुरू होने से चार घंटे पहले तरवारा चौक से वैशाखी मोड़ तक आम लोगों के वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान यह मार्ग केवल कार्यक्रम में आने वाले आगंतुकों के लिए ही खुला रहेगा। सभा में आने वाली बसों की पार्किंग सिवान-तरवारा-बसंतपुर मुख्य मार्ग के किनारे निर्धारित की गई है। प्रशासन ने निर्देश दिया है कि सभी चालक अपनी बसों के साथ मौजूद रहेंगे ताकि जरूरत पड़ने पर यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।.jpeg)
डैम गेट से सीमित समय तक ही मिलेगा प्रवेश
तरवारा और अफराद की ओर से आने वाले छोटे वाहन सभा शुरू होने से दो घंटे पहले तक ही डैम गेट से प्रवेश कर सकेंगे। निर्धारित समय के बाद इस मार्ग पर भी आवाजाही पूरी तरह नियंत्रित कर दी जाएगी। वैशाखी मोड़ की ओर से आने वाले छोटे वाहनों को जीन बाबा स्थान के पास से पपौर वाली सड़क के जरिए सभा स्थल तक पहुंचने की अनुमति दी गई है। प्रशासन ने लोगों से इसी वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करने की अपील की है। कार्यक्रम में शामिल होने वाली जीविका दीदियों की बसें सीवान-तरवारा-बसंतपुर मुख्य मार्ग से पीसीसी सड़क के जरिए सभा स्थल तक जाएंगी। वहीं मोटरसाइकिल से आने वाले लोगों को भी जीन बाबा स्थान के पास से पपौर वाली सड़क के रास्ते ही प्रवेश करना होगा।
यात्रा पर निकलने से पहले रखें ध्यान
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर 16 जून को सीवान में कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक व्यवस्था बदली रहेगी। ऐसे में यदि आप सीवान, मैरवा, गोपालगंज, तरवारा, पचरुखी या महराजगंज की ओर यात्रा करने की योजना बना रहे हैं, तो निर्धारित डायवर्जन और प्रतिबंधित मार्गों की जानकारी पहले से लेकर ही घर से निकलें, ताकि जाम और परेशानी से बचा जा सके।