पटना:
विधानमंडल में बहुमत परीक्षण के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लोकभवन जाकर राज्यपाल से शिष्टाचार मुलाकात की। तस्वीरों में आप लोकभवन के बाहर सीएम सम्राट चौधरी का काफिला देख सकते हैं। लोकभवन में सीएम ने गर्वनर सैयद अता हसनैन से मुलाकात की। मुलाकात की तस्वीरें भी आप अपनी स्क्रिन पर देख सकते हैं। गौरतलब है कि बिहार की नई सरकार ने आज ही विधानमंडल में बहुमत साबित किया है। दरअसल, बिहार की एनडीए सरकार का मुखिया बदला है।

15 अप्रैल को सम्राट चौधरी बने थे मुख्यमंत्री
14 अप्रैल को नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री का पद छोड़ दिया था। उसी शाम को सम्राट चौधरी को एनडीए विधानमंडल दल का नेता चुना गया था। अगले दिन 15 अप्रैल को सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। आज सदन में सम्राट चौधरी ने कहा कि वह 14 करोड़ बिहारवासियों के आशीर्वाद से बिहार का सीएम बन पाये हैं। उन्होंने तेजस्वी यादव के लालू यादव की पाठशाला का व्यक्ति सीएम कहे जाने पर जवाब देते हुए कहा कि सत्ता किसी की बपौती नहीं होती है।

तेजस्वी और सीएम के बीच जुबानी जंग
बिहार विधानमंडल में आज सीएम सम्राट चौधरी और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बीच जमकर जुबानी जंग हुई। जहां तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि पिछले 5 साल में 4 बार सत्ता बदलकर बिहारवासियों का वक्त बर्बाद किया गया, वहीं इलेक्टेड की जगह सिलेक्टेड व्यक्ति को सीएम बना दिया गया। तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार की जनता का पूरा 1 साल बर्बाद कर दिया गया। उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद है कि सरकार जब जनहित में कोई कानून बनाएगी तो विपक्ष से भी मशवरा लेगी।