logo

अगले 10 दिनों में होगा मुजफ्फरपुर के पताही एयरपोर्ट का शिलान्यास, CM सम्राट ने किया ऐलान 

cvcv.jpg

Muzaffarpur News:
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को मुजफ्फरपुर दौरे के दौरान जिले को करीब 1,047 करोड़ रुपये की लागत वाली 982 विकास योजनाओं की सौगात दी। एमआईटी परिसर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने पताही एयरपोर्ट, नए विश्वविद्यालय, कानून-व्यवस्था और पर्यटन विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरपुर के पताही एयरपोर्ट और रक्सौल एयरपोर्ट से विमान सेवा शुरू करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। अगले 10 दिनों के भीतर इसका शिलान्यास किया जाएगा।

 

एमआईटी परिसर में खुलेगा नया सिविल विश्वविद्यालय
शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मुजफ्फरपुर के एमआईटी परिसर में सिविल एवं आर्किटेक्चर विश्वविद्यालय की स्थापना की जाएगी। इससे उत्तर बिहार के छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। इससे क्षेत्र में तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने यह भी बताया कि बिहार के 12 शहरों में नई टाउनशिप विकसित करने का काम तेजी से चल रहा है। इस दौरान सीएम ने राज्य में बढ़ते अपराध पर कहा कि अपराधियों के लिए बिहार में कोई जगह नहीं है, अपराधियों को बिहार छोड़ कर जाना होगा।

तेजस्वी पर पलटवार
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बिहार में खजाना खाली है के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बिहार में विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि 10 जुलाई को सभी पेंशनधारकों के खातों में राशि भेज दी गई थी। उन्होंने यह भी कहा कि अब सभी पेंशनधारियों को प्रत्येक महिने के 10 तारिख तक खाते में डीबीटी के माध्यम से पेंशन की सहायता राशि भेज दी जाएगी। इस दौरान सीएम सम्राट ने अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिये कि वे अपना काम पूरी तिबद्धता के साथ करें।

मां सीता मंदिर बनेगा पर्यटन का नया केंद्र
कार्यक्रम में सीएम ने जिले में मां सीता मंदिर बनाने की भी घोषणा की। कहा कि जिस तरह से अयोध्या में राम मंदिर के बनने से प्रदेश में पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा मिला है, उसी तरह बिहार में भी धार्मिक पर्यटन को नई पहचान मिलेगी। उन्होंने कहा कि मां सीता का भव्य मंदिर बनने से राज्य देश-विदेश के श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए प्रमुख आकर्षण का केंद्र बनेगा, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार को भी मजबूती मिलेगी।

Tags - Muzaffarpur News Muzaffarpur Airport Patahi Airport