द फॉलोअप डेस्क
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार विधानसभा चुनाव से पहले एक महत्वपूर्ण घोषणा की है। अब राज्य के सभी घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट तक बिजली मुफ्त मिलेगी। इस बारे में जानकारी मुख्यमंत्री ने अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल के माध्यम से दी। इसके बाद उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रेसवार्ता कर इस फैसले का स्वागत किया और योजना की विस्तृत जानकारी दी।
सम्राट चौधरी ने बताया कि यदि उपभोक्ताओं का बिजली बिल 125 यूनिट से अधिक आता है, तो उन्हें अतिरिक्त यूनिट का भुगतान करना होगा। सरकार पर इस योजना से कुल 3,375 करोड़ रुपये का आर्थिक बोझ पड़ेगा। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार हर घर में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए प्रयासरत है। अगर प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना सफल होती है, तो आने वाले 25 वर्षों तक घरेलू उपभोक्ताओं को बिजली शुल्क नहीं देना पड़ेगा। इससे लगभग 1.67 करोड़ घरों को सीधा लाभ होगा, जो प्रतिमाह 125 यूनिट से कम बिजली का उपयोग करते हैं।
यह लाभ 1 अगस्त, 2025 से लागू होगा, अर्थात जुलाई माह के बिजली बिल से ही राज्य के सभी घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट तक बिजली के लिए कोई शुल्क नहीं देना पड़ेगा। कुटीर ज्योति योजना के तहत अत्यंत निर्धन परिवारों के लिए सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने का पूरा खर्च राज्य सरकार उठाएगी, जबकि अन्य उपभोक्ताओं को भी सरकार की ओर से उचित सहयोग मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि जिन 1.67 करोड़ उपभोक्ताओं को इस योजना का लाभ मिलेगा, उनके घरों की छतों पर या नजदीकी सार्वजनिक स्थलों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाए जाएंगे। यह कार्य उपभोक्ताओं की सहमति से किया जाएगा। सरकार का लक्ष्य है कि अगले तीन वर्षों में राज्य में 10,000 मेगावाट सौर ऊर्जा की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, जिससे उपभोक्ताओं को प्रत्यक्ष रूप से लाभ मिलेगा।
