द फॉलोअप डेस्क
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार रविवार को प्रगति यात्रा के तहत भोजपुर जिले का दौरा करेंगे। यहां वे लगभग 1200 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं की सौगात देंगे। इन योजनाओं में शिलान्यास, उद्घाटन और घोषणाएं शामिल हैं। सीएम नीतीश कुमार आरा कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ योजनाओं की समीक्षा भी करेंगे।
पॉलिटेक्निक कॉलेज का करेंगे शिलान्यास
इससे पहले वे जगदीशपुर प्रखंड के ककिला में पॉलिटेक्निक कॉलेज का शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही 400 करोड़ रुपये की लागत से 425 योजनाओं का भी उद्घाटन करेंगे। हरिगांव में भी वे योजनाओं का निरीक्षण कर उनका लोकार्पण करेंगे। इसके बाद सड़क मार्ग से आरा के जीरो माइल पर पहुंचकर लगभग 800 करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं और शहर के लिए नाला निर्माण सहित अन्य योजनाओं की घोषणा करेंगे।
सुरक्षा व्यवस्था दुरूस्त
मिली जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था का पूरा खाका तैयार किया गया है। जिले के वीर कुंवर सिंह स्टेडियम, न्यू पुलिस लाइन और ककिला में हेलीपैड बनाए गए हैं। इन स्थलों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस बल को शनिवार से ही तैनात कर दिया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की कोई असुविधा न हो।
इस दौरान कार्यक्रम स्थल पर हेलीपैड, बैरीकेडिंग, स्टॉल्स और शिलान्यास स्थल का काम पूरा कर लिया गया है। ककिला में 20 स्टालों पर विभिन्न विभागों की उपलब्धियों को पीपीटी के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। शिलान्यास और उद्घाटन का कार्यक्रम ककिला पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में होगा।
कारकेड टीम ने किया रिहर्सल
इसके अलावा शनिवार को मुख्यमंत्री के दौरे की तैयारी के तहत कारकेड टीम ने रिहर्सल किया। डीएम तनय सुल्तानिया के नेतृत्व में यह कारकेड टीम ककिला से हरिगांव तक 20 मिनट में पहुंची। इस दौरान प्रशासन की 12 कारों के अलावा अन्य प्रशासनिक गाड़ियां भी शामिल थीं। रिहर्सल के दौरान पुलिस और मजिस्ट्रेट ने अपनी-अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए कार्यक्रम की बारीकी से निगरानी की।
.jpeg)