logo

बिहार के इस जिले में CM नीतीश ने किया जरासंध स्मारक का अनावरण, कहा- यहां से मेरा पुराना नाता 

675ीूबहदगकज.jpg

द फॉलोअप डेस्क
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज नालंदा जिले के राजगीर स्थित जयप्रकाश उद्यान में सम्राट जरासंध स्मारक का अनावरण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 21 फीट ऊंची सम्राट जरासंध की प्रतीकात्मक प्रतिमा का फीता काटकर लोकार्पण किया और श्रद्धांजलि अर्पित की। अनावरण के बाद उन्होंने सम्राट जरासंध की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। 

जयप्रकाश उद्यान का किया निरीक्षण
बता दें कि कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सम्राट जरासंध की जीवनी पर आधारित म्यूरल्स (भित्तिचित्र), जरासंध जानकारी केंद्र और परिसर में बने जल संरक्षण संरचनाओं का भी अवलोकन किया। इसके साथ ही उन्होंने जयप्रकाश उद्यान परिसर का निरीक्षण करते हुए इसके उचित रखरखाव की आवश्यकता पर बल दिया। 

राजगीर से मेरा पुराना नाता- सीएम नीतीश
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा, "राजगीर से मेरा पुराना संबंध है। बचपन में मैं यहां अक्सर आता था। 2009 में जब मैंने बिहार की बागडोर संभाली, तो राजगीर के सभी प्रमुख स्थलों का निरीक्षण किया था। इसके बाद राजगीर के ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों के विकास की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए।"उन्होंने आगे कहा कि सम्राट जरासंध के अखाड़े को विकसित करने की उनकी इच्छा थी, लेकिन भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के अधीन होने के कारण यह संभव नहीं हो पाया। इस कारण उन्होंने जरासंध के स्मारक का निर्माण जेपी उद्यान के बगल में कराने का निर्णय लिया था। इसकी घोषणा 27 नवम्बर 2022 को की गई थी। इसके बाद 2023 में निर्माण कार्य शुरू हुआ। 

सीएम ने क्या बताया
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने बताया कि सम्राट जरासंध की प्रतिमा के अनावरण के साथ ही यहां पार्क भी तैयार हो चुका है। इसके अलावा बिहार में चन्द्रवंशी समाज के लोग सम्राट जरासंध को अपना पूर्वज मानते हैं, जिसे ध्यान में रखते हुए 2023 से सरकारी स्तर पर 'जरासंध महोत्सव' का आयोजन भी किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ सुनील कुमार ने पुष्प गुच्छ और विभाग की सचिव बंदना प्रेयसी ने प्रतीक चिह्न भेंटकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। 

इस मौके पर जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, सहकारिता मंत्री डॉ प्रेम कुमार, सांसद संजय कुमार झा, कौशलेंद्र कुमार, विधायक कौशल किशोर, कृष्ण मुरारी शरण उर्फ प्रेम मुखिया, पूर्व विधायक सुनील सहित कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Tags - Rajgir CM Nitish Kumar Unveiled Jarasandha Memorial Bihar News Latest News Breaking News